भिवानी। जिले के गांव कलिंगा स्थित श्रीबालाजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 14 व 15 दिसंबर को लड़के व लड़कियों की 17वीं सब जूनियर हरियाणा राज्य नेटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन करवाया जाएगा। इस चैंपियनशिप में भिवानी नेटबॉल की दोनों टीमें भाग लेंगी।
चैंपियनशिप के लिए 10 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से ट्रायल प्रतियोगिता गांव कलिंगा स्थित श्रीबालाजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में होगी। जिला नेटबाल एसोसिएशन अध्यक्ष पवन ने बताया कि चैंपियनशिप में भिवानी नेटबाल की टीम दोनों वर्गों में भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर को होने वाली ट्रायल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाला खिलाड़ी जिला भिवानी टीम के कैंप का हिस्सा होगा। उन्होंने बताया कि ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकेगा, जिसका जन्म 31 दिसंबर 2008 के बाद का हो। उन्होंने बताया कि ट्रायल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए और खिलाड़ी को अपना जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड व 2024-25 नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया का रजिस्ट्रेशन नंबर भी साथ लाना होगा।