फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: ट्रांसफार्मरों को कूलर का सहारा, दिन भर झेले लोगों ने बिजली कट

Mon, 17 Jun 2024 02:28 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। बिजली और पानी का संकट इन दिनों भीषण गर्मी में लोगों पर भारी पड़ रहा है। 43 के पार तापमान में बिजली कट ने दिन भर लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं तो पानी की प्यास ने बेचैन कर रखा है। पावर सब स्टेशनों पर बड़े ट्रांसफार्मरों पर अब कूलर के साथ पानी की बौछार भी डाल उन्हें ठंडा किया जा रहा है वहीं अत्यधिक लोड बढ़ने से बिजली उपकरणों पर भी ओवरलोडिंग में जलने का संकट है। ऐसे में हर घंटे दस से 15 मिनट का कट शहरवासियों को झेलना पड़ रहा है।
विज्ञापन

भिवानी सर्कल में रोजाना ही एक करोड़ 10 लाख यूनिट बिजली की मांग है जबकि 99 लाख यूनिट बिजली की खपत हो रही है। रविवार को छुट्टी के दिन भी लोगों को दिनभर बेतहाशा बिजली कट झेलने पड़े। शहर के पुराना 132 केवी पावर सब स्टेशन पर बड़े ट्रांसफार्मरों को ओवरहिटिंग से बचाने के लिए कूलर लगाए गए हैं। थोड़ी-थोड़ी देर बाद इन पर अतिरिक्त पानी भी डाला जा रहा है। बड़े ट्रांसफार्मरों के अंदर हजारों लीटर तेल है, जो ओवरहिटिंग की वजह से खौलने लगता है। जिस वजह से इन उपकरणों में आग लगने का सबसे ज्यादा डर रहता है। बापोड़ा के 220 केवी पावर सब स्टेशन पर भी सौ एमवीए के ट्रांसफार्मर में आग लगने का हादसा हो चुका है, जो लगातार ट्रांसफार्मर के अंदर सप्ताह भर तक सुलगती रही। शहरी फीडरों पर भी हर घंटे कट लगाए जा रहे हैं। ये सिलसिला करीब एक पखवाड़े से जारी है, क्योंकि दिन में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री तक पहुंचा है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री तक बना है। ऐसे में अचानक बढ़े लोड से बिजली उपकरण भी हांफने लगे हैं।

220 केवी बापोड़ा पावर स्टेशन पर ट्रांसफार्मर का बदला कंट्रोल रिले पैनल
रविवार को बापोड़ा स्थित 220 केवी पावर स्टेशन पर लगे ट्रांसफार्मर पर कंट्रोल रिले पैनल बदला गया। जिस वजह से भी इस पावर स्टेशन से संचालित होने वाले 132 केवी पावर सब स्टेशनों पर फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। फीडरों को किस्तों में चलाया गया। जिस वजह से रविवार को बेतहाशा बिजली कटौती का भी लोगों को सामना करना पड़ा। ट्रांसफार्मर पर कंट्रोल रिले पैनल का काम ट्रांसफार्मर पर बिजली आपूर्ति बंद करना और उसे चालू करने का है। इस कार्य की वजह से ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड नहीं डाला गया, जिस वजह से दिनभर बिजली कट पर कट लगे।
विज्ञापन


पावर स्टेशन पर लगे ट्रांसफार्मर पर कंट्रोल रिले पैनल बदला गया है। इस वजह से अधिक लोड न पड़े कुछ फीडरों पर बिजली आंशिक रूप से प्रभावित रही है। ये काम पूरा हो चुका है, अब गर्मी में लोगों को किसी तरह की दिकक्त नहीं होगी। -सुमित कलसन, एसडीओ हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें