भिवानी। कस्बा बवानीखेड़ा क्षेत्र के अनेक गांवों में एनएचएआई 148बी का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है। इसके निर्माण कार्य में बिना नंबरों व ओवरलोड वाहनों के चलने पर ग्रामीणों ने इन पर कार्रवाई न करने पर रोष जताया। वहीं थाना प्रभारी ने समय-समय पर चेकिंग करने की बात कही।
गांव चौरटापुर से मिलकपुर को जोड़ने वाले रोड पर पिछले काफी समय से चल रहे कार्य को लेकर बीते माह ग्रामीणों व ठेकेदार में कहासुनी हो गई थी। मामला इतना बढ़ा था कि ग्रामीणों ने इसकी शिकायत भिवानी के आरटीओ से की थी और आरटीओ ने भी एक्शन लेने का भरोसा जताया था।
प्रदीप चाहर, महेन्द्र लांबा, सुंदर लांबा, आजाद सिंह व प्रधान रोशन शेषमा आदि ग्रामीणों ने बताया कि पिछले काफी दिनों से ओवरलोड डंपर अवैध खनन करके मिट्टी डालने का काम कर रहे हैं। लगभग 2 दर्जन से अधिक डंपर जिनमें अनेक बिना नंबर के हैं और पूठी ड्रेन से ओवरलोड होकर एनएचएआई 148बी पर मिलकपुर से चौरटापुर, ढाणी केसला, ढाणी कुशाल, ढाणी कुम्हारान पर मिट्टी डाल रहे हैं।
ओवरलोड होने के कारण यहां की की सड़कें पूरी तरह से टूट गई हैं। पहले भी डंपर चालकों व ठेकेदार से अनुमति दिखाने के लिए कहा तो उन्होंने गांवों के लोगों को टायर के नीचे देने की धमकी दी थी। ग्रामीणों ने बताया कि बिना नंबर प्लेट के गाड़ियां चलाई जा रही हैं। ये वाहन रात 8 बजे से शुरू होकर सुबह 6 बजे तक सरपट दौड़ते हैं और दिन में आराम करते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इनके कार्यों में अनियमितता को देखते हुए इसकी शिकायत भिवानी के आरटीओ से कर एक्शन लेने की बात कही। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने इसी से आक्रोशित होकर रोष जाहिर कर नारेबाजी की व समाधान न होने पर जिला स्तर पर धरना देने की बात कही। इस बारे में थाना प्रबंधक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम द्वारा नाकाबंदी करके वाहनों की चेकिंग की जाती है व अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की जाती है।