भिवानी। लगातार हो रही बारिश और जलभराव के कारण रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। दिल्ली यमुना ब्रिज पर पानी भरने के कारण पिछले तीन दिनों से ट्रेनें रद्द हैं जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को भी दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनें रद्द रहीं।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 54309 (दिल्ली-हिसार), गाड़ी संख्या 54316 (हिसार-रेवाड़ी) और गाड़ी संख्या 54315 (रेवाड़ी-हिसार) ट्रेन रद्द रही। वहीं गाड़ी संख्या 54310 (हिसार-दिल्ली) रविवार को भी रद्द रहेगी। लगातार ट्रेनें रद्द होने के कारण यात्री अन्य वाहनों में सफर करने को मजबूर हैं जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।