तोशाम के चौ. बंसीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय में चुनाव संबधित अधिकारियों व कर्मचारीयों को स
तोशाम। चौधरी बंसीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय में पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारियों को बुधवार को दूसरे दिन भी प्रशिक्षण दिया गया। अब 24 मई को पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री वितरित कर मतदान केंद्रों पर भेजा जाएगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार दलाल ने कहा कि आपका अनुभव आप का सबसे बड़ा प्रशिक्षण है।
पूर्व अनुभवों को साझा करें किसी भी शंका या जिज्ञासा को व्यक्त कर उसका समाधान अपने साथ लेकर जाएं और शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मॉक पोल के बाद क्लियर बटन दबाना और मतदान होने पर क्लोज बटन दबाना नहीं भूलें। डीएसपी आर्यन चौधरी ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के प्रति प्रशासन कटिबद्ध है। हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। तहसीलदार अंकित बेनीवाल ने कहा कि चुनावों को संपन्न करवाने में पीठासीन अधिकारियों व उनकी टीम का विशेष योगदान रहता है। मतदान केंद्र में कार्यवाही को नियंत्रित करने के लिए चुनाव कर्मियों को पूर्ण कानूनी शक्तियां प्राप्त हैं। देश में चुनावों को एक पर्व की तरह मनाया जाता है। ऐसे में सभी पोलिंग कर्मी पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ चुनाव कार्यों को संपन्न कराएं।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारी, सहायक पीठासीन अधिकारी तथा पोलिंग ऑफिसर के रूप में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों और वीवीपैट द्वारा मतदान के संचालन के लिए निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं की नवीनतम जानकारी से पूरी तरह परिचित होना चाहिए। इस दौरान ललित कुमार, सुनील जैन, राजीव वत्स, असीम सिवाच द्वारा बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, वीवीपैट सहित ईवीएम के उपयोग पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इस मौके पर नायब तहसीलदार रीतू पूनिया, बीडीपीओ सुमित बैनीवाल, श्याम सुंदर सांगवान मौजूद रहे।