भिवानी जिले में लोहारू के पास कुशलपुरा रेलवे स्टेशन पर हादसे के दौरान रेलगाड़ी के इंजन में धंस
लोहारू (भिवानी)। लोहारू जंक्शन के साथ लगते खंड के गांव कुशलपुरा के रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह सात बजे गंगानगर से जयपुर जा रही स्पेशल फेयर एक्सप्रेस रेलगाड़ी नंबर 04705 ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली से टकरा गई। लोहारू-बीकानेर रेलवे मार्ग पर स्टेशन पर प्लेटफार्म के सुधारीकरण का कार्य चल रहा था। यहां पर ईंटों से भरी ट्राॅली को खाली किया जा रहा था। निर्माण ठेकेदार की लापरवाही से यह हादसा हुआ। गनीमत यह रही कि लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन की गति पर नियंत्रण कर लिया। जिससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राॅली को रेलवे ट्रैक से हटाया गया और ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। मामले में आरपीएफ लोहारू कार्रवाई कर रहा है। लोहारू स्टेशन अधीक्षक महावीर सिंह ने बताया कि कुशलपुरा रेलवे स्टेशन पर पिछले करीब दो माह से हाई लेवल प्लेटफार्म का निर्माण कार्य चल रहा था। उन्होंने बताया कि ऐसे निर्माण कार्य के समय ठेकेदार को सावधानी की हिदायत दी जाती है। सोमवार सुबह कुशलपुरा प्लेटफार्म पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंटें खाली किए जाने का कार्य किया जा रहा था, इस दौरान निर्धारित समय अनुसार गंंगानगर-जयपुर एक्सप्रेस आ गई और ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के कारण ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे रेलवे के अधिकारियों, कर्मचारियों और आरपीएफ लोहारू की टीम ने करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राॅली को हटाकर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया।
आरपीएफ चौकी इंचार्ज पूनम सैनी ने बताया कि कुशलपुरा रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे की गहनता से जांच की जा रही है। ट्रैक्टर चालक और लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।