बहल। कस्बे में रविवार शाम को भिवानी रोड पर तेज रफ्तार ट्रॉला चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक का लोहारू में पोस्टमार्टम करवाकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के बहनोई की शिकायत पर अज्ञात ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बहनोई अशोक कुमार ने बताया कि उसका साला सुरेंद्र पुत्र प्रभुराम अपनी बाइक पर रविवार शाम सवा सात बजे अपने खेत से घर आ रहा था। भिवानी रोड पर जब वह न्यू चौधरी होटल के समीप पहुंचा तो सामने से एक ट्रॉला ड्राइवर अपनी गाड़ी को तेज रफ्तार से चलाता हुआ आ रहा था। जिसने सुरेंद्र की बाइक में सीधी टक्कर मार दी। इससे सुरेंद्र जमीन पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक छह बहनों का इकलौता भाई था और उसकी तीन लड़कियां व छोटा लड़का है। मृतक का परिवार मूल रूप से बहल के गांव सुधीवास का रहने वाला है जबकि वे फिलहाल बहल में ही रह रहे हैं।