बवानीखेड़ा। गांव जाटूलुहारी से बवानीखेड़ा के बीच शुक्रवार अल सुबह करीब तीन बजे सड़क पर अचानक नीलगाय आगे आने से असंतुलित हुआ पराली से भरा ट्रैक्टर पलट गया। जिसके नीचे दबने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना बवानीखेड़ा पुलिस को दी गई। पुलिस ने शुक्रवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।वहीं मृतक के पिता के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।
पुलिस को दिए बयान में गांव रामांकलां निवासी मनीराम ने बताया कि उसका 30 साल का बेटा विजय ट्रैक्टर चालक था। फतेहाबाद से ट्रैक्टर में पराली लेकर महेंद्रगढ़ जा रहा था। जब वह गांव जाटूलुहारी और बवानीखेड़ा के बीच पहुंचा तो अल सुबह तीन बजे अचानक ही एक नीलगाय सड़क पर आ गई। जिसे बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर पर से चालक अपना संतुलन खो बैठा और पराली से भरा ट्रैक्टर एक तरफ पलट गया। जिसके नीचे दबने से विजय की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना बवानीखेड़ा पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसे लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंची। पुलिस के जांच अधिकारी नरेश ने बताया कि मृतक के पिता मनीराम के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं, इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। ट्रैक्टर पर तीन अन्य युवकों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में पहुंचाया गया।