बवानीखेड़ा। क्षेत्र में सड़क हादसे में गांव सीपर निवासी 65 वर्षीय किसान लक्खा सिंह की मौत हो गई। लक्खा सिंह बुधवार सुबह अपने ट्रैक्टर-ट्राली में धान भरकर बवानीखेड़ा अनाजमंडी में बेचने आए थे। धान बेचने के बाद वह शाम को अपने गांव सीपर लौट रहा था।
विज्ञापन
इसी दौरान बवानीखेड़ा-जमालपुर रोड के एक मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर पर से उसका संतुलन बिगड़ गया। संकरे मोड़ पर ब्रेकर न होने और ट्राली में असंतुलन के कारण ट्रैक्टर-ट्राली सहित खेत में पलट गया। हादसे में लक्खा सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना दी और लक्खा सिंह को नागरिक अस्पताल बवानीखेड़ा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बवानीखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी सुरेश ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है वहीं मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर इस मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना वाले मोड़ पर ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।