भिवानी। दिनोद रोड रेलवे फाटक 52-सी पर रेलवे ओवरब्रिज के टॉप सेक्शन के निर्माण का काम भी शुरू हो गया। इसके लिए शुक्रवार को रेलवे से रेल लाइन पर ब्लॉक लिया गया। जिस कारण जीतुवाला रेलवे फाटक की तरफ की तीन रेल पटरियों को ट्रेनों के आवागमन के लिए बंद रखा गया। जिस कारण भिवानी-रेवाड़ी रेलमार्ग से भिवानी जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर ट्रेनों का ठहराव नहीं हो पाया। ट्रेनों का प्लेटफार्म दो पर ठहराव कराया गया। वहीं टॉप सेक्शन कार्य का रेल अंडर पास महापंचायत पदाधिकारियों ने भी जायजा लिया।
ओवरब्रिज निर्माण पूरा होने से 12 गांवों के अलावा शहर की 60 हजार की आबादी को राहत मिलेगी। दिनोद रोड रेल फाटक सी-52 पर ओवरब्रिज के निर्माण स्थल पर पुल के टॉप सेक्शन पर स्टील गाटर लांच करने का काम शुरू किया गया। यह कार्य रेलवे से ब्लॉक लेकर किया जा रहा है। इस मौके पर महापंचायत के प्रधान अशोक यादव एवं मीडिया प्रभारी रोहताश वर्मा ने संबंधित विभागों एवं कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों से मुलाकात की और निर्माण कार्य शीघ्र अति शीघ्र पूरा किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस ओवरब्रिज की कछुआ चाल निर्माण कार्य के कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब निर्माण कार्य शुरू होने से 12 गांवों के सहित करीब 60 हजार क्षेत्रवासियों लोगों को राहत पहुंचेंगी।
उन्होंने कहा कि 12 गांवों सहित लाइन पार क्षेत्र के करीब 60 हजार लोगों का शहर में आने-जाने का एकमात्र यही रास्ता है। यही नहीं निर्माण कार्य के चलते तोड़े गए मकानों की पानी व सीवरेज लाइन अवरूद्ध पड़ी थी, जिसके कारण क्षेत्रवासियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को उन समस्याओं से जल्द छुटकारा मिलने की उम्मीद जगी है। इस मौके पर रेल अंडर पास महापंचायत जीतुवाला के प्रधान अशोक यादव, पंचायत सदस्य शिवकुमार गोठवाल, रोहतास वर्मा, ओमपाल चौहान, कुलदीप सिंह तंवर, पूनम सिंह तंवर, रामबीर सिंह धोलू, रमेश वर्मा, अशोक कौशिक, इंद्र सिंह लांबा, रामसिंह वैध, नौरंग शेखावत, बलजीत सिंह गिल, शमशेर यादव, रामपाल सिंह तंवर, रामशरण ठेकेदार, होशियार सिंह ने भी कार्य का जायजा लिया। वहीं स्टेशन अधीक्षक जीके गुप्ता ने बताया कि भिवानी-रेवाड़ी रेलमार्ग पर ब्लॉक लेकर काम शुरू किया है। इस दौरान किसी भी ट्रेन का आवागमन बाधित नहीं हुआ। संवाद