भिवानी। जिले के सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का मंगलवार अंतिम दिन है। हालांकि पोर्टल पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण विद्यार्थी आवेदन पूरा नहीं कर पा रहे हैं। आवेदन सबमिट करने का विकल्प ठीक से काम नहीं कर रहा है।
इससे अभ्यर्थी केवल पंजीकरण ही कर पा रहे हैं। यही वजह है कि उपलब्ध ट्रेडों की तुलना में अब तक कम आवेदन आए हैं। ऐसे में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
आईटीआई प्रवेश पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही सभी ट्रेड दिखाई नहीं देने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई विद्यार्थी अपनी पसंद के ट्रेड का चयन नहीं कर पा रहे हैं। कुछ अभ्यर्थियों ने मजबूरी में पोर्टल पर उपलब्ध ट्रेडों में आवेदन कर दिया है। वहीं कई विद्यार्थी तकनीकी समस्या दूर होने का इंतजार कर रहे हैं। इसका असर आवेदन संख्या पर भी पड़ा है। दो जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी अभी तक काफी कम अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
पहले दिन से बनी हुई है तकनीकी समस्या : आईटीआई प्रवेश पोर्टल पर तकनीकी समस्या पहले दिन से बनी हुई है। विद्यार्थियों ने लगातार शिकायतें भेजकर संबंधित विभाग और पोर्टल संचालकों को इसकी जानकारी दी है। आवेदन नहीं कर पाने से परेशान प्रशिक्षुओं ने अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है ताकि कोई भी अभ्यर्थी आवेदन से वंचित न रहे और सभी को अपनी पसंद का ट्रेड चुनने का अवसर मिल सके। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जिले के सभी सरकारी और निजी आईटीआई में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। यहां पर विद्यार्थियों को आवेदन, दस्तावेज अपलोड करने और अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है।