भिवानी। लोकेशन आधारित जिओ फेसिंग हाजिरी व्यवस्था के विरोध में चार अगस्त को हरियाणा के सभी जिलों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी काम छोड़ो आंदोलन के तहत एक घंटे का कार्य बहिष्कार कर गेट मीटिंग के माध्यम से प्रदर्शन करेंगे। यह जानकारी बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन हरियाणा की राज्य प्रधान शर्मिला ने रविवार को राज्य कमेटी की वर्चुअल बैठक के बाद दी। उन्होंने बताया कि निजता और गोपनीयता के हनन के खिलाफ अब पूरा स्वास्थ्य विभाग एकजुट होकर विरोध की राह पर है।
राज्य प्रधान शर्मिला ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग अधिकारी कर्मचारी तालमेल कमेटी हरियाणा के आह्वान पर यह आंदोलन किया जा रहा है क्योंकि जिओ फेसिंग आधारित हाजिरी व्यवस्था न केवल कर्मचारियों की निजता का उल्लंघन करती है बल्कि यह व्यवहारिक रूप से भी अव्यवहारिक है। उन्होंने बताया कि सोमवार को होने वाले प्रदर्शन के लिए सभी जिलों में पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
महासचिव सहदेव आर्य सांगवान ने कहा कि विगत दो माह से स्वास्थ्य मंत्री व उच्चाधिकारियों से मुलाकात और ज्ञापन के माध्यम से बार-बार यह अपील की गई कि जिओ फेसिंग हाजिरी व्यवस्था को बंद किया जाए लेकिन सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी हुई है। इसलिए अब स्वास्थ्य विभाग का हर कर्मचारी चार अगस्त को एकजुट होकर विरोध दर्ज कराएगा।
काम छोड़ो आंदोलन में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न यूनियनें भाग लेंगी जिनमें एचसीएमएस एसोसिएशन, दंत चिकित्सक एसोसिएशन, लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन, नर्सिंग ऑफिसर एसोसिएशन, मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, एनएचएम कर्मचारी संघ और बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन शामिल हैं। सभी यूनियनों ने मिलकर सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों की निजता को बनाए रखते हुए इस व्यवस्था को अविलंब रद्द किया जाए।