भिवानी। खाकी बाबा मंदिर के समीप बने बूस्टर तक जाने वाली मुख्य पेयजल लाइन में लीकेज की वजह से आसपास की कॉलोनियों में जल संकट गहरा गया है। वहीं लीकेज के कारण बूस्टर में भी पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वहीं बूस्टर से छोटी लाइन में कम प्रेशर के कारण घरों में जल संकट बना हुआ है। जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सड़क के बीच गड्ढा खोदकर छोड़ दिया है। जिसमें पाइप लीकेज से हजारों लीटर स्वच्छ पानी व्यर्थ में सड़क पर बह रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से पीने का पानी नहीं मिल रहा है वहीं सड़क के बीच खाकी बाबा मंदिर चौराहे पर खोदे गए गड्ढे से हादसों का अंदेशा भी बना हुआ है।
खाकी बाबा मंदिर परिसर में हालु बाजार क्षेत्र के लिए अलग से नया बूस्टर कुछ साल पहले ही बनाया गया था। इस बूस्टर से हरजीकान चौक, हालु बाजार का कुछ इलाका, मानान पाना और दिनोद गेट के आसपास क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति दी जा रही है। मुख्य जलघर से बूस्टर तक आने वाली मुख्य लाइन में लीकेज बनी हुई है। जिसको लेकर तीन-चार दिन पहले ही जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सड़क के बीच में चौराहे पर गड्ढा खोदा था। इस गड्ढ़े को खोदने के बाद लीकेज का तो समाधान हुआ नहीं, इसे खुला ही छोड़ दिया। जिसमें मुख्य लाइन से रोजाना हजारों लीटर स्वच्छ पानी व्यर्थ में ही गटर में बह रहा है। जबकि आसपास की कॉलोनियों के लोग जल संकट से घिर गए हैं, क्योंकि कम प्रेशर की वजह से पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। लोगों का कहना है कि खाकी बाबा मंदिर मार्ग के चौराहे पर सड़क के बीच खोदा गया गड्ढा गहरा भी है और पानी से भरा है। रात के समय यहां अंधेरा रहता है कोई भी वाहन चालक इसमें फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है या फिर कोई छोटा बच्चा इसके अंदर डूब सकता है। कॉलोनी के लोगों ने जल्द से जल्द लाइन की लीकेज ठीक करा इस गड्ढे को पाटने की मांग की है।
लाइन लीकेज से हो रही घरों में गंदे पानी की आपूर्ति
कभी बूस्टर की लाइन लीकेज हो रही है तो कभी छोटी लाइनों में लीकेज की समस्या बनी है। जिस कारण घरों तक भी गंदा पानी आपूर्ति में आ रहा है। ये पानी पीने लायक भी नहीं है। काफी बार शिकायतें जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी है, मगर कोई समाधान नहीं है।
आदेश बुंदीवाल
इलाके के लोगों की मांग पर लंबे इंतजार के बाद बूस्टर बना था, अब लाइन लीकेज के कारण यहां परेशानी बनी है। इलाके में छोटी पानी की लाइनें भी काफी पुरानी और जर्जर हैं, जो कई जगह से लीकेज हैं। इस कारण भी गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है और गर्मियों में लाइन में प्रेशर भी नहीं बन पाता है। जल्द समस्या का समाधान कराया जाए।
मास्टर जयप्रकाश
तीन-चार दिन पहले सड़क पर गड्ढा लीकेज ठीक करने के लिए खोदा था, लेकिन न लाइन लीकेज ठीक हुई न गड्ढा बंद किया। अब यहां हादसों का अंदेशा बना है। कोई सुनने वाला न देखने वाला है। कर्मचारी भी मनमर्जी से आते हैं और बिना कुछ किए देखकर लौट जाते हैं। परेशानी आसपास के लोग भुगत रहे हैं। शिकायतों पर भी समाधान नहीं हो रहा है।
आनंद तंवर
बूस्टर की लाइन लीकेज को ठीक किया जा रहा है। कर्मचारी लगातार काम पर लगे हैं। संभावना है कि बुधवार तक लाइन को ठीक कर गड्ढा बंद कर दिया जाएगा।
प्रमोद कुमार, कार्यकारी अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग।