भिवानी। कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से गंभीर रूप धारण करता जा रहा है। बुधवार देर रात कोरोना से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्य कार्यकारिणी सदस्य ताराचंद अग्रवाल ने हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनके अलावा शहर की जगत कॉलोनी के एक बुजुर्ग ने कोरोना संक्रमण के चलते दम तोड़ा। चिंता का विषय यह भी है कि कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा भी दिन-ब दिन नए रिकार्ड बना रहा है। बुधवार को जहां रिकार्ड 211 संक्रमित सामने आए थे वहीं वीरवार को नया रिकार्ड बना और 259 नए कोरोना संक्रमित सामने आए। जनस्वास्थ्य विभाग में एक्सईएन, एसडीओ, चार जेई, कंप्यूटर ऑपरेटर, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी समेत 12 संक्रमित सामने आने से हड़कंप मच गया।
कोरोना वायरस का आंकड़ा दिन-ब दिन खतरनाक होता जा रहा है। पिछले 12 दिन में 1636 कोरोना संक्रमित सामने आए है यानी औसतन 136 से अधिक मरीज हर रोज। यह आंकड़ा दिन-ब दिन बढ़ता जा रहा है। मरने वालों का आंकड़ा भी खतरनाक है और पिछले 22 दिन में 32 कोरोना संक्रमित अपनी जान गवां चुके हैं। कोरोना टेस्ट करवाने वालों की भी सामान्य अस्पताल, ईएसआई अस्पताल में लंबी कतार लगी है। अब तक जिले में 8229 कोरोना संक्रमित सामने आ चुके हैं, जिनमें से 6810 ठीक हो चुके हैं और 1249 एक्टिव केस हैं। एक्टिव केसों में 697 शहरी क्षेत्र से है तो 552 ग्रामीण क्षेत्र से।
इन्होंने तोड़ा दम
भाजपा नेता की 13 को रिपोर्ट आई पॉजिटिव, 21 की देर रात तोड़ा दम
भाजपा के वरिष्ठ नेता 71 वर्षीय तारा चंद्र अग्रवाल की 13 अप्रैल को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उनसे पहले उनकी पुत्रवधू और पौत्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्हें पहले शूगर की बीमारी थी, जो नियंत्रण में थी। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से ही उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। जिसके बाद परिजन उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान बुधवार रात करीब 10:45 बजे उनका निधन हो गया। कोविड-19 सुरक्षा नियमों के तहत शव का अंतिम संस्कार भिवानी में किया गया।
उल्टी के बाद बिगड़ी तबीयत और तीन बाद तोड़ दिया दम
जगत कॉलोनी के 68 वर्षीय बुजुर्ग को तीन दिन पहले उल्टी की समस्या हुई और शरीर दर्द करने लगा। पहले घर पर ही इलाज लिया। 21 अप्रैल को परिजन सामान्य अस्पताल के आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचे, जहां उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 21 अप्रैल को ही उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जनस्वास्थ्य विभाग, जेल में मचा है हड़कंप
जेल में पहले से ज्यादा संख्या में कोरोना संक्रमित आने से हड़कंप मचा है। वहीं वीरवार को जनस्वास्थ्य विभाग के 12 अधिकारी-कर्मचारी संक्रमित मिले। इनमें एक्सईएन, एसडीओ, चार जेई, चार कंप्यूटर ऑपरेशन, दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, एक क्लर्क शामिल हैं।
पिछले 12 दिन में ये रहा आंकड़ा
तिथि संक्रमित मौत
22 अप्रैल 259 02
21 अप्रैल 211 06
20 अप्रैल 163 07 (चार मृतक दूसरे जिलों व राज्यों से आए थे)
19 अप्रैल 137 00
18 अप्रैल 150 01
17 अप्रैल 150 01
16 अप्रैल 131 01
15 अप्रैल 93 01
14 अप्रैल 110 02
13 अप्रैल 54 01
12 अप्रैल 72 00
11 अप्रैल 106 01
वर्जन:::
कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे है। आज जरूरी है कि लोग सावधानी रखें और कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें। मास्क लगाकर, सामुदायिक दूरी के नियम और बार-बार साबुन से हाथ धोने भर से काफी बचाव संभव है। इसके अलावा जिन लोगों में कोरोना के लक्षण नजर आए, वे अपनी जांच करवाए। पॉजिटिव लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है बल्कि वे नियमित रूप से दवाई लें और निर्देशानुसार अपना ध्यान रखें।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन