फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टैंक में डूबने से तीन भाइयों की मौत

Mon, 23 Jun 2014 12:41 AM IST
भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
अपने मामा की शादी में शरीक होने आए तीन भाइयों की वाटर टैंक में डूबने से मौत हो गई। मरने वालों में दो सगे भाई हैं और एक चचेरा। बारात रवानगी से कुछ घंटे पहले हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद कोहराम मच गया। दोपहर बाद गमगीन माहौल में तीनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विज्ञापन


यह घटना गारणपुरा गांव में रविवार सुबह हुई। छठी, दसवीं व बारहवीं में पढ़ने वाले तीनों बच्चे तोशाम के रहने वाले हैं। गारणपुरा कलां निवासी भूपसिंह के बेटे राकेश की शादी में शरीक होने के लिए राकेश के भांजे और तोशाम निवासी जंगबीर के पुत्र रमन (14) व अनिल (11) और अजीत का पुत्र पवन (17) भी गए हुए थे।

 रविवार सुबह तीनों भाई और एक अन्य लड़के के साथ गांव से बाहर बागवानी स्कीम के तहत बने वाटर टैंक में नहाने के लिए गए। अनिल, रमन व पवन तीनों ने टैंक में छलांग लगा दी और 10 से 12 फुट गहरे पानी में डूबते चले गए। तीनों को डूबता देखकर बाहर खडे़ चौथे लड़के ने गांव में सूचना दी।
विज्ञापन


 घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तीनों को ही बचाया नहीं जा सका। तीनों बच्चों को तोशाम स्थित अस्पताल में लाया गया। बाद में पुलिस तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिवानी ले गई।
मंगल गीत की जगह मातम पसरा

एक साथ तीन भांजों की मौत ने पूरे गारणपुरा गांव को झकझोर दिया। कहां तो पूरा परिवार व गांव बारात की तैयारियों में जुटा था और कहां एक पल में ही खुशी भरा माहौल मातम में बदल गया। हादसे की खबर सुनकर दूल्हा राकेश भी सदमे में आ गया जिसे तोशाम के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। गांव गारणपुरा कलां निवासी भूपसिंह बेडवाल के घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थी।

 भूपसिंह के बेटे राकेश की रविवार रात को आलमपुर बारात जानी थी। शनिवार को गांव गारणपुरा में शादी के उपलक्ष्य पर प्रीतिभोज का आयोजन किया गया था। दूल्हा, उसके रिश्तेदार तथा परिजन शादी की अन्य रस्म पूरी करने के लिए रूके हुए थे।

सायं मामा की बारात में जाने के लिए अनिल, रमन और पवन भी तैयारी कर रहे थे। लेकिन कुदरत को शायद कुछ और मंजूर था। घटना की सूचना मिलते ही दूल्हे सहित परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे की सूचना जैसे ही तोशाम पहुंची तो यहां भी शोक छा गया। दूल्हे राकेश की बहनें तोशाम रहती हैं। तोशाम से राकेश के भांजे भी शादी में शामिल होने के लिए गारणपुरा कलां गए हुए थे।


दो घरों के बुझ गए चिराग
तोशाम में रविवार का दिन दो परिवारों के लिए काला दिन साबित हुआ। दो सगे और एक चचेरे भाई की वाटर टैंक में डूबने से मौत हो गई। गारणपुरा कलां में वाटर टैंक में डूबे सातवीं कक्षा के छात्र अनिल व उसका बड़ा भाई दसवीं का छात्र रमन और इनकी मौसी का लड़का बारहवीं का छात्र पवन का शव रविवार को तोशाम स्थित उनके घरों पर पहुंचा तो परिजन बेसुध हो गए। तीनों ही छात्र घर के चिराग थे।

 उनकी मौत से मां-बाप पर तो वज्रपात हुआ ही, मोहल्ले के लोग और रिश्तेदार भी गहरे सदमे में हैं। सुबह लगभग साढे़ आठ बजे गारणपुरा कलां में हुई यह दर्दनाक घटना को फैलते देर नहीं लगी। तीनों भाई मामा राकेश की शादी में शामिल होने के लिए गारणपुरा कलां में थे।

 रविवार सुबह तीनों नहाने के लिए वाटर टैंक में नहाने गए कि वापस नहीं लौटे। उनके साथ गए चौथे युवक द्वारा घटना की सूचना देने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। तीनों के शवों को पानी से बाहर निकाला तो परिजनों व दोस्तों की उम्मीदें टूट गई। अनिल और रमन तोशाम निवासी जंगबीर के दो ही पुत्र थे।

घटना से जंगबीर के दोनों चिराग बुझ गए। वहीं जंगबीर के बड़े भाई अजीत के तीन पुत्रियों के बीच एक ही पुत्र पवन था। पवन तीन बहनों प्रीति, ज्योति और दीप्ति का एक ही भाई था।
विज्ञापन



और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें