बहल पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप संचालक राकेश शर्मा और किराना व्यापारी बृजमोहन पर गोली चलाने के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जिस समय आरोपी संजय ने गोली चलाई उस समय ये तीनों ही उसके साथ आए थे। पुलिस तीनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि, घटना के मुख्य आरोपी संजय अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। घटना के बाद से ही पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए काकड़ोली निवासी राहुल उर्फ सोनू, पिलानी निवासी आशीष व अभिषेक को पिलानी रोड पर नांगल के पास गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस व एक बाइक भी बरामद की है। थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में अभी तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि आरोपी विनोद गुर्जर को अजमेर से प्रोडक्शन वारंट पर लिया हुआ है। पुलिस ने एक आरोपी अंकित को पिस्तौल मुहैया करवाने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार कर वीरवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा दिया था।
यह है मामला : एक नवंबर को बहल में पिलानी रोड पर इलेक्ट्रॉनिक शॉप संचालक राकेश शर्मा पर दो बार गोलियां चलाने का प्रयास किया था पर पिस्तौल खाली घूम गया तथा गोली नहीं चली जिससे वह बच गया। वहीं, आठ नवंबर को किराना व्यापारी बृजमोहन पर उस समय दो फायर किए गए जब वह शाम को अपनी दुकान में काम में लगा था। बृजमोहन को हालांकि गोलियां नजदीक से मारी गई थी लेकिन दोनों बार गोली कंधे तथा छाती को छूती हुई निकल गई। घटना में उसे छरे तो लगे पर वह जान जाते जाते बच गई। दोनों घटनाओं के विरोध में स्थानीय लोगों ने 9 नवंबर को बाजार बंद कर रोष जताया था तथा पुलिस को आरोपियों को पकड़ने के लिए 48 घंटे का समय दिया था।
पुलिस ने मामले में अभी तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें विनोद गुर्जर को प्रोडक्शन वारंट पर लिया हुआ है जबकि चार आरोपी अंकित, सोनू, आशीष व अभिषेक का गिरफ्तार किया है।
- जयसिंह, थाना प्रभारी, बहल।