भिवानी। शहर के फैंसी चौक क्षेत्र में रेहड़ियों और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने के तीन आरोपियों को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कुछ युवकों ने शनिवार रात को रेहड़ियों और गाड़ियों पर रंजिशन पथराव किया था। दुकानदार से भी मारपीट की गई थी। शहर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में जीतुवाला निवासी विनोद ने बताया था कि वह फैंसी चौक पर मक्का की दुकान पर काम करता है। गत पांच अक्तूबर की रात 11 बजे कुछ युवकों ने गाड़ियों पर पथराव कर उनकी दुकान के भी शीशे तोड़ दिए। धमकी देकर आरोपी वहां से भाग गए।
केस दर्ज करने के बाद शहर थाना पुलिस की महिला एएसआई किरणबाला ने तीन आरोपियों को रोहतक गेट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान टाइयान पाना निवासी वीरेंद्र उर्फ बंटी, इशांत उर्फ इशु और हिमांश के रूप में की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विनोद से फैंसी चौक पर रेहड़ी लगाने के लिए पुरानी रंजिश थी। इसी कारण आरोपियों ने विनोद के साथ मारपीट कर रेहड़ियों और गाड़ियों के शीशे भी तोड़ डाले। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेजने के आदेश हुए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
पूर्व सरपंच रमेश ठेकेदार के पुत्र सौरभ का निधन
जूई। जूई खुर्द के सरपंच प्रतिनिधि रमेश ठेकेदार के 22 वर्षीय बेटे सौरभ कुमार का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सौरभ के निधन से उसके पिता ठेकेदार रमेश गिल, पूर्व सरपंच मां रूपपति गिल, दो बड़े भाई अनूप और मनोज समेत सभी ग्रामीण शोकाकुल हैं। सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने भी शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी। मास्टर राजेंद्र, कांग्रेस नेता जोगेंद्र बागनवाला, पूर्व बीडीसी सदस्य सुरेंद्र लाला, गोशाला के कोषाध्यक्ष नवनीत शर्मा जुई खुर्द सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र, जुई बिचली के सरपंच प्रतिनिधि अमन लांबा, जुई कलां के सरपंच पवन रापड़िया, पूर्व सरपंच राजपाल आदि ने शोक जताया।