तोशाम। घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में तोशाम पुलिस ने वीरवार को आरोपी रजनीश निवासी जूई कलां, प्रतीक निवासी डांगर और तुषार निवासी नगला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त आई-20 कार और तीन डंडे बरामद किए गए।
शुक्रवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया। गांव देवराला निवासी शक्ति सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि तीन अगस्त को वह परिवार के साथ खेत में बने मकान पर मौजूद था।
इसी दौरान कुछ युवक आई-20 कार और अन्य वाहनों में सवार होकर पहुंचे तथा उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
आरोपियों ने घर में घुसकर कमरों के दरवाजों और अन्य सामान को क्षतिग्रस्त किया, परिवार के सदस्यों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार वारदात रंजिश के चलते की गई।
शिकायत पर थाना तोशाम में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान थाना तोशाम के एएसआई धर्मदेव ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त आई-20 कार और तीन डंडे बरामद किए। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में रंजिश के चलते वारदात किए जाने की पुष्टि हुई।