लोहारू। रोहतक गेट स्थित मोबाइल दुकान में चोरी के मामले में डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अनिल व तेजपाल से रिमांड के दौरान 54 हजार रुपये बरामद किए है। वहीं चोरी का मोबाइल खरीदने के आरोप में शाहीन निवासी चंडीगढ़ को काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता अभिषेक यादव ने बताया कि लेघा निवासी ललित ने शिकायत दी थी कि 17 अक्तूबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उसकी दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल फोन, मदर बोर्ड और डीवीआर चोरी कर लिए। इस संबंध में थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 21 अक्तूबर को अनिल निवासी नया गांव, जिला मोहाली हाल निवासी सेक्टर-25 चंडीगढ़ और तेजपाल निवासी सेक्टर-25 चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया। 22 अक्तूबर को दोनों को न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। इस दौरान अनिल से 27,500 रुपये और तेजपाल से 26,500 रुपये बरामद हुए।
पुलिस ने 22 अक्तूबर को चोरी के मोबाइल खरीदने के मामले में शाहीन निवासी चंडीगढ़ को भी गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि अनिल पहले दुकान पर काम करता था। काम छोड़ने के बाद उसने तेजपाल के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शाहीन की भूमिका चोरी के मोबाइल खरीदने में सामने आई। शुक्रवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया।