तोशाम (भिवानी)। थाना तोशाम पुलिस ने सोमवार को घर में घुसकर पिस्तौल दिखाकर मारपीट करने के मामले में आरोपी जॉनी, अंकित दोनों निवासी गांव डोहकी, जिला चरखी दादरी और शशि प्रताप निवासी गांव माजोला, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गांव ढाणी माहू निवासी रमेश ने शिकायत दी कि 28 फरवरी की रात वह परिवार सहित खाना खाकर सोए हुए थे। रात करीब 2:30 बजे घर में आहट होने पर उठे तो देखा कि चार युवक घर में घुसे हुए थे जिनमें से एक के हाथ में पिस्तौल थी। आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया जबकि अन्य तीन आरोपी फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी को घायल अवस्था में पुलिस ने उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भिवानी में भर्ती करवाया।
मामले की जांच के दौरान सीआईए द्वितीय के जांच अधिकारी प्रदीप ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जॉनी के खिलाफ पहले से ही संगीन वारदात के 18 मामले दर्ज हैं।