भिवानी। साइबर थाना पुलिस ने ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 17 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में वीरवार को जेठवा, बाबू और विजय निवासी जामनगर, गुजरात को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फर्जी कॉल व वेबसाइट के जरिए लोगों को ठगने का नेटवर्क चला रहे थे।
इस बारे में गांव गुरेरा निवासी चाननमल ने थाना साइबर क्राइम को शिकायत दी थी कि जुलाई 2024 में उनके मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति की काॅल आई, जिसने खुद को ट्रेडिंग एजेंट बताया और ट्रेडिंग अकाउंट खोलने का झांसा देकर वेबसाइट पर निवेश करवा दिया। झूठे लाभ दिखाकर उनसे कुल 17 लाख रुपये निवेश करवा लिए गए, लेकिन बाद में पूरा संपर्क टूट गया।
सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि आरोपी 15,000 रुपये के एवज में दूसरों से बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन ठगी के लिए इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है, ताकि इनके गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी पहुंचा जा सके।