भिवानी। होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और होटल के बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगाने के मामले में सीआईए द्वितीय ने रविवार को आरोपी योगेश निवासी गांव नाथुवास, अरुण निवासी गांव बामला-2 और दिनेश निवासी गांव बालंद जिला रोहतक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
गांव बामला निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 14 अक्तूबर 2025 की रात होटल से फोन आया था। सूचना मिली कि कुछ युवक होटल पर आए और उन्होंने होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके बाद होटल के बाहर खड़ी एक गाड़ी में आग लगा दी और मौके से भाग गए।
मामले की जांच कर रहे सीआईए द्वितीय के जांच अधिकारी बलजीत ने रविवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ करेगी।