भिवानी। थाना सदर पुलिस ने कितलाना टोल प्लाजा पर कार चालक पर डंडों से हमला कर उन्हें जान से मारने की धमकी देने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की पहचान जिला चरखी दादरी के गांव छपार निवासी नरेश कुमार, गांव कितलाना निवासी कुलदीप और नरेश के रूप में हुई है।
हिसार निवासी प्रवीण ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि वह 18 फरवरी को अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर हिसार से महेंद्रगढ़ जा रहे थे। रास्ते में किसी बात पर एक कार चालक के साथ उनकी कहासुनी हो गई थी। कार में सवार आरोपियों ने कितलाना टोल पर उनकी कार को रोक लिया और उन पर डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी दी।
इसी मामले में कार्रवाई कर थाना सदर के निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों से घटना में प्रयुक्त कार और डंडा बरामद किया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके विरुद्ध निवारक कार्रवाई की गई है।
किराये पर रहने वाले लुधियाना के युवक ने लगाया फंदा, मौत
भिवानी। शहर के खाड़ी मोहल्ला में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पंजाब में स्थित लुधियाना जिले के गांव चिंपी निवासी 38 वर्षीय हरदीप शहर के खाड़ी मोहल्ला में किराये के मकान में रहता था। वह करीब 15 साल से भिवानी में रह रहा था। हरदीप दो बच्चों का पिता था। वह मजदूरी करता था। शनिवार रात वह अपने कमरे में फंदे पर लटका मिला। उसकी पत्नी सुशीला ने पुलिस को बताया कि हरदीप ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर सिटी थाने के एसआई दयानंद मौके पर पहुंचे। जांच अधिकारी दयानंद ने बताया कि सुशीला के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया मौत मामले में कार्रवाई की गई है। पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल घटना का कारण पता नहीं चल सका।