भिवानी। स्वास्थ्य विभाग जहां लोगों को कोरोना संक्रमण की आशंकित तीसरी लहर और ओमिक्रॉन से बचाव के लिए जागरूक कर रहा है। वहीं, विदेश से लौटे यात्रियों की वीडियो कॉल कर निगरानी की जा रही है, ताकि इनकी वजह से संक्रमण न फैले।
सरकार के निर्देश के बाद विभिन्न देशों से अब तक 85 यात्री भिवानी लौट चुके हैं। यात्रियों की सूचना मिलते ही विभाग ने उनके स्वास्थ्य की जांच कर कोरोना के सैंपल लिए हैं। हालांकि इनमें से अब तक कोई भी यात्री कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। विभाग ने इन्हें एहतियात के तौर पर होम क्वारंटीन किया है। साथ ही ये लोग अपने घर से बाहर न निकलें। इसके लिए अलग से स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी तय की है। जोकि हर एक घंटे में इनके वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत करेंगे और वे घर से बाहर नहीं हैं। इसकी पुष्टि करेंगे। अगर कोई यात्री घर से बाहर निकल गया है तो उसे तुरंत प्रभाव से नागरिक अस्पताल में क्वारंटीन किया जाएगा।
कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर स्वास्थ्य विभाग गंभीर हो गया है। विभाग ने इसके बचाव के लिए नागरिक अस्पताल में तैयारियां शुरू कर दी हैं। सिविल सर्जन ने हरियाणा सरकार की गाइडलाइन में ओमिक्रॉन से बचाव के लिए जहां अस्पताल प्रशासन से मरीजों के इलाज के लिए सभी संसाधन तैयार रखने और अस्पताल में मरीजों के लिए ऑक्सीजन, वेंटिलेटर व अन्य सुविधाएं भी दुरुस्त रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने लोगों से भी इस वैरिएंट से सतर्क रहने की अपील की है।
विदेशी यात्री जरूर करवाएं जांच और टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता अभियान में जुटा हुआ है तो लोग कोविड टीकाकरण ज्यादा से ज्यादा करवाएं। जिले में कोई भी व्यक्ति ऐसा न हो जिसका वैक्सीनेशन न हुआ हो। विभाग की नागरिकों से अपील भी है कि अधिक से अधिक स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें और अपना नैतिक कर्तव्य निभाएं। कोविड-19 टेस्टिंग भी अवश्य करवाएं और और ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन करवाएं, ताकि कोरोना को खत्म कर सकें। यह नया वायरस 12 देशों में पाया जा रहा है। यूरोप, साउथ अफ्रीका, ब्राजील, बांग्लादेश, बोत्सवाना, चीन, मॉरिशस, न्यूजीलैंड, जिंबाब्वे, सिंगापुर, हॉन्गकॉन्ग व इजरायल। इन देशों से आने वाले लोगों का कोविड टेस्टिंग व वैक्सीनेशन करवाना सुनिश्चित करना होगा।
बाहरी देशों से आने वाले लोग रहें सात दिन तक क्वारंटीन
बाहरी देशों से घूमकर आने वाले लोग जांच के दौरान बेशक रिपोर्ट नेगेटिव आए, फिर भी सात दिन तक क्वारंटीन रहें। अगर व्यक्ति ऐसी जगह से आते हैं जो कि हाई रिस्क वाले देश नहीं है तो उसका भी आरटीपीसीआर टेस्ट किया जाएगा। अगर वह निगेटिव आते हैं तो वह आठ दिन तक अपने आप को क्वारंटीन करेंगे। अगर संक्रमित आते हैं तो 72 घंटे बाद दोबारा जांच की जाएगी। उनको 14 दिन होम आइसोलेट किया जाएगा।
बचाव व मदद के लिए लें हेल्पलाइन की सहायता
कोविड-19 कोरोना वायरस से बचाव के लिए हर प्रकार की मदद देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इनमें राज्य स्तरीय नंबर के साथ जिला स्तर के हेल्पलाइन नंबर शामिल हैं। स्टेट हेल्पलाइन नंबर 8558893911 और जिला स्वास्थ्य विभाग के हेल्पलाइन नंबर 01664-242130, 01664-241811 और 108 नंबर पर सहायता ली जा सकती है। हेल्पलाइन नंबर पर भी हर संभव मदद के लिए संपर्क किया जा सकता है। इन नंबरों पर संपर्क साध कर 24 घंटे सातों दिन मदद ली जा सकती है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। पहले से ढाई से तीन गुना सैंपलिंग की जा रही है। टीकाकरण के लिए भी विभाग के टीम हर नागरिक तक पहुंचने के लिए लगी हुई है। नागरिकों से अपील है कि कोविड से बचाव के लिए कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें। जागरूकता ही बचाव का सबसे बड़ा साधन है। जो विदेश से यात्री आ रहे हैं उनसे अपील है कि टीकाकरण और कोरोना जांच जरूर करवाएं। गाइडलाइन के तय समय पर होम क्वारंटीन जरूर रहें।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।