भिवानी। सदर पुलिस ने गांव दिनोद में रवि हत्याकांड के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से एक बाइक भी बरामद की है। रवि की पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से मारपीट कर हत्या की गई थी।
गांव दिनोद निवासी जनेश ने सदर पुलिस थाना भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 6 जुलाई को आरोपी दीपक ने उसके बेटे रवि को अपने खेत में बुलाया था। आरोप है कि वहां दीपक और उसके साथियों ने रवि के साथ डंडों से मारपीट की और उसे बंधक बना लिया। बाद में रवि घायल अवस्था में दीपक के खेत में मिला। परिजन उसे सामान्य अस्पताल भिवानी ले गए जहां 7 जुलाई को उपचार के दौरान रवि की मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर सदर पुलिस थाना भिवानी में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। उपनिरीक्षक सतपाल ने हत्याकांड में आरोपी हरिओम निवासी मानहेरू को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में हरिओम ने बताया कि वह वारदात वाले दिन निगरानी कर रहा था। पुलिस ने हरिओम से बाइक बरामद की है। मुख्य आरोपी दीपक एक दिन के रिमांड पर था जिससे पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल, एक डंडा और एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।