भिवानी। कूरियर के माध्यम से भिवानी से गुजरात अवैध अंग्रेजी शराब भेजने के मामले में सीआईए द्वितीय ने शुक्रवार को राजकोट (गुजरात) से तीसरे आरोपी नारेजा निवासी राजकोट को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
सीआईए द्वितीय भिवानी ने गत एक जून को सूचना के आधार पर वीरेंद्र निवासी लोहानी और रविंद्र निवासी कलिंगा को 72 बोतल अंग्रेजी शराब सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना सदर भिवानी में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया था कि वे फर्जी बिल तैयार कर कूरियर के माध्यम से अंग्रेजी शराब गुजरात के राजकोट भेजते थे।
इसी खुलासे के आधार पर सीआईए द्वितीय के उप निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 17 जुलाई को राजकोट में दबिश देकर मामले में शामिल तीसरे आरोपी नारेजा को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी नारेजा भिवानी के आरोपी वीरेंद्र और रविंद्र से कूरियर के माध्यम से अंग्रेजी शराब मंगवाता था और बाद में उसे राजकोट क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचता था।