भिवानी में चोरी के बाद घटना स्थल का जायजा लेते पुलिस अधिकारी।
बवानीखेड़ा। शनिवार की सुबह लगभग डेढ़ बजे थाना क्षेत्र के गांव बलियाली से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन अज्ञात चोरों ने एक साथ दो दुकानों के ताले तोड़ नकदी समेत सामान चोरी कर लिया। वहीं एक दुकान का ताला नहीं टूटने से चोर नाकामयाब हो गए। घटना शनिवार अल सुबह डेढ़ बजे की है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक गांव के बस स्टॉप के पास दुकानों के ताले तोड़ते हुए नजर आए।
दूसरी तरफ दुकानदारों ने गांव में बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं व पुलिस की गश्त न लगने के कारण दुकानदारों ने एकत्रित होकर बाजार बंद कर रोष जताया। बाजार बंद की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने दुकानदारों को जल्द से जल्द चोरों की तलाश करने का आश्वासन दे बाजार खुलवाया। इस दौरान बाजार एक घंटे तक बंद रहा।
गांव बलियाली निवासी दुकानदार रामकरण स्वामी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने गांव के बस स्टॉप के पास मिठाई की दुकान कर रखी है। शनिवार की सुबह लगभग डेढ़ बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उनकी दुकान के ताले तोड़ गल्ले में रखी 1500 रुपये की नकदी, गोशाला के लिए दान पात्र में रखे पैसे और मिठाई सहित दुकान से लगभग दस हजार का सामान चुरा लिया। इसके बाद चोरों ने गांव के मुख्य चौक पर विनोद सब्जी भंडार की दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन ताला नहीं टूट पाया। इसके बाद चोर सरपंच सचिन सरदाना के कार्यालय के साथ लगती शिवा सब्जी भंडार का ताला तोड़ दस हजार की नकदी सहित सब्जी, फल सहित दुकान में रखा अन्य सामान चोरी कर ले गए।
सरपंच ने रखा चोरों पर पांच हजार हजार का इनाम
गांव बलियाली के सरपंच सचिन सरदाना ने बताया कि बाजार व आस-पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों में मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक दुकानों के ताले तोड़ते दिखाई दिए हैं। मोटरसाइकिल के टायरों पर रंग-बिरंगी लाइट लगी हुई हैं। गांव में ऐसी कोई मोटरसाइकिल है और कोई गांववासी चोरों की जानकारी देता तो सूचना के सही पाए जाने पर उसे पांच हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा और सूचना देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा।