जूईकलां। गांव ढाणी शंकर में शुक्रवार रात एक सैनिक के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाकर नकदी, आभूषण व मोबाइल चुरा लिया। घर में उस वक्त कोई नहीं था, महिला अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई थी। चोरी की सूचना उसके ससुर ने दी, जब उन्होंने बैठक का दरवाजा खुला देखा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाणी शंकर निवासी पिंकी ने जूईकलां थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति सेना में कार्यरत है और फिलहाल ड्यूटी पर है। 10 जून को वह अपने बच्चों के साथ मायके गई थी और घर बंद था। शनिवार सुबह उसके ससुर गजे सिंह जब घर के आगे से गुजर रहे थे तो बैठक का गेट खुला मिला। उन्होंने पिंकी को सूचना दी।
पिंकी जब घर पहुंची तो अलमारी और संदूक के ताले टूटे मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। उसने बताया कि चोर अलमारी से दो तोले की सोने की चेन, झुमकी, दो सोने की अंगूठियां, एक नाक की लोंग, दो जोड़ी चांदी की पाजेब, 80 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी कर ले गए।
थाना प्रभारी एसआई सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।