भिवानी। गांव बापोड़ा में जेजेपी जिला युवा संगठन के उप प्रधान के घर में रविवार अल सुबह चोर गिरोह घुस गया। चोर घर में रखे करीब पांच लाख रुपये कीमत के आभूषण व नकदी को चोरी कर ले गए।
घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर ही सो रहे थे। जब तक परिवार के सदस्य चोरों की चहल-पहल की आवाज सुनकर उठते उस समय तक चोर वारदात को अंजाम देकर भागते हुए दिखाई दिए। पीड़ित परिवार ने इस घटना के बारे में सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंच जांच की और सीन ऑफ क्राइम व फिंगर एक्सपर्ट की टीम को मौके पर बुलाया। इस संबंध में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बापोड़ा निवासी पतराम ने बताया कि रविवार की अल सुबह करीब डेढ़ बजे वह और उसके परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। उसी दौरान अज्ञात चोर उनके घर में घुसे और संदूक का ताला तोड़ करीब सात तोला सोने से बने आभूषण, चांदी के झुमके और बीस हजार रुपये की नकदी को चोरी कर ले गए। उन्होंने सूचना डायल 112 को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की।
-
पड़ोसी की छत से घुसे घर के अंदर
बापोड़ा निवासी अमित उर्फ धौलिया ने बताया कि वे जेजेपी जिला युवा संगठन में उप प्रधान हैं। उनके परिवार के सदस्य खेती करते हैं। रविवार को उनके घर पर बच्चों समेत परिवार के दस सदस्य सो रहे थे। रविवार को अलसुबह करीब डेढ़ बजे उन्हें शोर सुनाई दिया। इस कारण उनकी आंख खुल गई। उन्होंने कमरे से बाहर आकर देखा तो पांच व्यक्ति उन्हें भागते हुए दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि चोर उनके पड़ोस के घर की छत से उनके घर में घुसे थे।
अधिकारी बोले
गांव बापोड़ा में चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की और सीन ऑफ क्राइम की टीम को बुलाया। इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही इस वारदात के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-एसआई वीरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी सदर थाना, भिवानी।