भिवानी। सीईटी परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के दौरान शहर में जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी। यह बात बुधवार को पंचायत भवन में आयोजित कार्यशाला के दौरान पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह ने कही। उन्होंने बताया कि 26 और 27 जुलाई को होने वाली परीक्षा के दौरान शहर के मुख्य चौराहों पर यातायात पुलिस तैनात रहेगी। परीक्षा केंद्रों और उनके आसपास पुलिस का सख्त पहरा रहेगा ताकि कोई भी अव्यवस्था न हो।
इस कार्यशाला में जिले भर में सीईटी परीक्षा के आयोजन को लेकर नियुक्त किए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल ने कहा कि परीक्षा में ड्यूटी कर रहे सभी अधिकारी और कर्मचारी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र में केवल अधिकृत व्यक्ति को ही पहचान पत्र के आधार पर प्रवेश मिलेगा। बिना पहचान पत्र के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र में यदि कोई कमरा खाली है और वहां परीक्षा नहीं होनी है तो उस पर ताला होना अनिवार्य है।
उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से सात रूटों पर शटल बस सेवा चलाई जाएगी। इन रूटों पर अलग-अलग ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं साथ ही नोडल अधिकारी भी तैनात हैं। परीक्षा के दौरान ओएमआर शीट का सीक्वेंस न बिगड़े इसके लिए अनुपस्थित परीक्षार्थियों की सीट पर भी ओएमआर शीट रखी जाएगी। सभी परीक्षार्थी परीक्षा पूरी होने के बाद ही केंद्र से बाहर निकल सकेंगे।
कार्यशाला में सीईओ जिला परिषद अजय चोपड़ा, एसडीएम महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार और जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने भी परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस दौरान सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी व परीक्षा अधीक्षक मौजूद रहे।