भिवानी। शिक्षा विभाग ने ग्रीष्म ऋतु के दौरान विद्यार्थियों को लू और गर्मी के असर से बचाने के लिए निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्कूलों के समय व बढ़ती गर्मी के कारण आउट डोर कार्यक्रमों को लेकर आदेश जारी किए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किए गए आदेशों में कहा है कि स्कूलों में सुबह 10 बजे के बाद कोई भी बाहरी गतिविधि नहीं करवाई जाएगी। जिले के सभी स्कूलों के प्राचार्यों को आदेश दिए हैं कि विद्यार्थियों को धूप में नहीं बैठाया जाएगा। यदि कहीं विद्यार्थी धूप में बैठे पाए जाते हैं तो संबंधित स्कूल मुखिया के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार का कार्यक्रम या आयोजन खुली धूप में नहीं किया जाएगा।
विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए साफ पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। विद्यालयों में लू से बचाव के लिए ओआरएस पैकेट की व्यवस्था की जाएगी। वहीं जिले में स्कूलों के समय में बदलाव करते हुए शिक्षा विभाग ने सभी प्राइवेट व सरकारी स्कूलों को आदेश दिए गए है कि स्कूल का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
बढ़ती गर्मी के कारण जिले के स्कूलों में कोई आउट डोर गतिविधि नहीं होगी। वहीं प्राइवेट व सरकारी स्कूलों को लगाने का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
- सुभाष भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी।