ढाणी सहजमानपुर में आयोजित बैठक में मौजूद ग्रामीण।
बहल। सिरसी रोड स्थित ढाणी सहजमानपुर में आयोजित ग्राम सभा सेवा समिति की बैठक में शनिवार को ग्रामीणों ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि अब गांव में किसी भी प्रकार का मृत्युभोज आयोजित नहीं किया जाएगा। यह फैसला ग्रामीणों द्वारा अनावश्यक खर्चों को रोकने और समाज में सादगीपूर्ण संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है।
ग्राम सभा ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति इस निर्णय का उल्लंघन करता है तो गांव का कोई भी सदस्य उसके मृत्युभोज में शामिल नहीं होगा। ग्रामीणों ने यह भी सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि वे आसपास के गांवों या रिश्तेदारों के यहां होने वाले मृत्युभोज में भी भाग नहीं लेंगे। निर्णय के अनुसार रिश्तेदारों और आने-जाने वाले मेहमानों के लिए कच्ची रसोई की व्यवस्था की जा सकेगी। वहीं रस्म-पगड़ी के दौरान आने वाले किसी भी रिश्तेदार या अन्य व्यक्ति को मिठाई न तो दी जाएगी और न ही स्वीकार की जाएगी। ग्रामीणों ने इस समाज सुधारक कदम का स्वागत करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।