पुलिस कर्मचारियों के साथ पोलिंग बूथों का निरीक्षण करते पुलिस अधिक्षक वरूण सिंगला।
भिवानी। लोकसभा चुनाव में 25 मई को मतदान के दिन पोलिंग बूथों पर 200 मीटर दायरे में कोई भी प्रत्याशी अपना टेंट नहीं लगा पाएगा। वहीं इस दायरे में वाहन पार्किंग पर भी पाबंदी रहेगी। इतना ही नहीं पुलिस कर्मचारियों को छोड़कर कोई भी आम नागरिक हथियार लेकर नहीं चलेगा।
चुनाव को लेकर 57 पेट्रोलिंग पार्टियों के अलावा पुलिस कर्मचारी और अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। वहीं पुलिस ने मतदान से पहले संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी निकाला। वीरवार को पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने संवेदनशील बूथों का भी निरीक्षण किया और पुलिस कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिला पुलिस लाइन भिवानी में कानून व्यवस्था से संबंधित किसी भी विपरीत स्थिति से निपटने के लिए पुलिस कर्मचारियों ने जमकर अभ्यास किया। कानून व्यवस्था के लिए बनाई गई रिजर्व में तैनात पुलिस कर्मचारियों को अवैधानिक घोषित भीड़ को काबू करने के गुर सिखाए गए। कंपनी के सदस्यों को यह भी हिदायत दी गई कि कानून व्यवस्था से संबंधित ड्यूटी के दौरान वाणी में संयम रखें वह अवांछित बल प्रयोग से बचें साथ ही एकता का परिचय देते हुए अनुशासन में रहें।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए उपायुक्त की ओर से धारा 144 लगाई गई है। वहीं वीरवार शाम को प्रचार-प्रसार बंद हो जाएगा। प्रचार समयावधि समाप्त होने के बाद कोई भी प्रत्याशी अपने प्रचार वाहन को शहर में न घूमने दे। जिला पुलिस द्वारा कुल 912 पोलिंग बूथों में से पांच अति संवेदनशील और 129 संवेदनशील बूथों की पहचान कर अतिरिक्त फोर्स की व्यवस्था की गई है।
पुलिस की ओर से जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 17 पुलिस नाके लगाए गए हैं जो जिले में आने में जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच करेंगे। इसके अतिरिक्त पुलिस की ओर से जिले में 57 पेट्रोलिंग पार्टियां नियुक्त की गई हैं जो यह पेट्रोलिंग पार्टियां अपने अपने क्षेत्र में बूथों व सार्वजनिक स्थान पर लगातार गश्त करके शांति व्यवस्था को बनाए रखेंगे। जिला पुलिस के द्वारा वाटर कैनन, वज्र वाहन, टियर गैस स्क्वॉड, पुलिस रिजर्व कंपनियों को दंगा रोधी उपकरण दिलाकर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारी हालत में जिला मुख्यालय पर रखा गया है।
भिवानी जिला निवासियों से अपील की गई है कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने में अपना अमूल्य योगदान दें। यदि कोई अवैध गतिविधि उनकी निगरानी में आती है तो इसकी तुरंत सूचना पुलिस को दें। कानून को अपने हाथ में लेने की अवैधानिक कोशिश से बचें। सूचना प्राप्त होने पर जिला पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि सूचना के सही पाए जाने पर नियमानुसार त्वरित व प्रभावी पुलिस कार्रवाई की जाए।
- वरुण सिंगला, पुलिस अधीक्षक भिवानी।