भिवानी। जीतुवाला क्षेत्र में बीआर गैंग और एंडा गैंग के बीच काफी अर्से से खूनी रंजिश चली आ रही है। इसमें पुलिस के कई हिस्ट्रीशीटर बदमाश भी हैं, जो पहले कई मामलों में जेल जा चुके हैं। शहर थाना पुलिस ने शुक्रवार को हुई गैंगवार को लेकर दोनों तरफ से केस दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।
वीरवार की रात और शुक्रवार की सुबह दोनों गैंग के बीच आपस में झड़प हुई थी। एक गैंग पर हमला करने के बाद दूसरे ने पलटवार किया। बीआर गैंग के विनोद उर्फ बिन्नू पर शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे प्रदीप उर्फ एंडा गैंग की तरफ से फायरिंग की गई थी। जिसमें विनोद उर्फ बिन्नू के पैर और उसके दोस्त प्रशांत के हाथ में गोली लगी थी। दोनों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया था। वहीं पुलिस ने विनोद उर्फ बिन्नू की शिकायत पर प्रदीप उर्फ एन्डा गैंग के सात से आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। जिसमें प्रदीप उर्फ एंडा, गौरव उर्फ गौरा, साहिल उर्फ काला, राहुल नाई, भसंड़ी उर्फ मोनु, बिरपाल सहित तीन अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं दूसरी तरफ से भी पुलिस ने विनोद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पहले भी दोनों के बीच जीतुवाला जोहड़ क्षेत्र लाइनपार में वर्चस्व को लेकर काफी बार खूनी झड़प हो चुकी हैं। फिलहाल पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने इस संबंध में दोनों तरफ से केस दर्ज किए हैं। दोनों ही आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायलों का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
-सतनारायण एसएचओ शहर थाना पुलिस भिवानी।