भिवानी। महम गेट पर स्थित एक किराना स्टोर से कई सामान चोरी हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भारतनगर निवासी सुभाष ने पुलिस को शिकायत दी। इसमें उन्होंने बताया कि शुभम किराना स्टोर नाम से उनकी दुकान महम गेट पर है। वह रविवार सुबह सात बजे पत्नी कैलाश के साथ दुकान खोलने गए तो देखा कि उनकी दुकान का ताला टूटा था। दुकान का शटर भी करीब एक फुट तक खुला था। शटर के किनारे की दोनों पत्तियां टूटी थी। दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
इस घटना में चोर उनकी दुकान से 18 किलो बादाम, दो किलो काजू, 22 किलो मूंग दाल, 10 सेट नहाने का साबुन, 10 पूड़े बीडी, सिगरेट की 20 डब्बी समेत कई सामान और गल्ले में रखे करीब 800 रुपये ले गए। दुकानदार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जीएसटी के नाम पर कारोबारी से 2.77 करोड़ की ठगी
लुधियाना। दिल्ली व हरियाणा के व्यापारियों ने जीएसटी के नाम पर महानगर के एक मोबाइल कारोबारी से 2.77 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। जब कारोबारी को इसका पता चला तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों से की। पुलिस की जांच में आरोप सही पाए गए।
थाना फोकल पॉइंट पुलिस ने चंडीगढ़ रोड स्थित हैंप्टन स्काई रियलटी लिमिटेड के मालिक अंकुर गर्ग की शिकायत पर नई दिल्ली के एसके इंटरप्राइजेज के कमल अहमद, नई दिल्ली दरियागंज स्थित ग्लोबल ट्रेडर के अजहर हैदर और हरियाणा के भिवानी स्थित कैंथ मंडी में जीएमजी ट्रेड लिंक प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर्स रजत मदान और शीतल मदान के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पक्खोवाल रोड स्थित एसबीएस नगर के एफ ब्लाॅक में रहने वाले अंकुर गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मोबाइल और उसकी एसेसरीज का कारोबार करता है। वह आरोपियों से आईफोन और आईफोन की एसेसरीज मंगवाता था। आरोपियों ने सस्पेंड किए और कैंसिल हो चुके जीएसटी बिल काट कर उससे 2.77 करोड़ रुपये जीएसटी वसूल लिया। जब उसने इस बारे आरोपियों से बात की तो उन्होंने उसे धमकाना शुरू कर दिया। मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।