13 जुलाई को चोरी के आरोप में औद्योगिक थाना पुलिस की ओर से पकड़े गए एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद थाने, कोर्ट और वकीलों में हड़कंप मचा है। थाने के 20 कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट करवाया गया वहीं जिला बार एसोसिएशन ने भी प्रस्ताव पास कर उस दिन कोर्ट में मौजूद वकीलों, जिनके आसपास कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं, उनके टेस्ट कराने की बात कही है।
बैंक कॉलोनी वासी एक महिला ने आठ जुलाई की रात को औद्योगिक थाना में शिकायत दी थी कि एक व्यक्ति उनके घर से नकदी और आभूषण चोरी कर ले गया। चोर को पकड़ लिया था मगर वह हाथ छुड़ाकर भाग गया। इस मामले में औद्योगिक थाना पुलिस के मुख्य सिपाही ने 13 जुलाई को आरोपी चोर को कोंट रोड से गिरफ्तार कर लिया। जिसे कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया। पकड़े गए आरोपी का कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल दिया गया। जिसकी रिपोर्ट बुधवार रात को पॉजिटिव आई। रात को ही उसे आइसोलेशन सेंटर जालान अस्पताल छोड़ा गया।
चोरी के आरोपी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से औद्योगिक थाने के पुलिस कर्मचारियों में हड़कंप मचा है। वीरवार को थाने के सभी कर्मियों ने कोरोना टेस्ट करवाया और थाने को भी सैनिटाइज किया गया।
वकीलों के होंगे कोरोना टेस्ट
चोरी के आरोपी को 14 जुलाई को कोर्ट में भी पेश किया गया था। जहां उस दिन काफी भीड़ थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कोर्ट कर्मचारियों, वकीलों में भी हड़कंप मचा है। उस दिन मौजूद सभी वकीलों को कोरोना टेस्ट कराने की सलाह दी गई है। सूत्र बताते हैं कि उस दिन करीब 15 से 20 वकील वहां कोर्ट में मौजूद थे। इस बारे में जिला बार एसोसिएशन की बैठक प्रधान जोगेंद्र तंवर की अध्यक्षता में हुई। जिसमें कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को लेकर कुछ प्रस्ताव भी पास किए गए।
ये प्रस्ताव हुए पास
- जिन वकीलों के आस-पड़ोस या परिवार में कोई भी कोरोना पॉजिटिव आया है, वे अपना कोरोना टेस्ट करवाएं।
- सभी वकील साथी जरूरी होने पर ही अदालत में आए अन्यथा अपने घरों में सुरक्षित रहे। 65 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी वकील अदालत में न आए।
- वकील किसी भी मामले में पक्षकारों को कम से कम न्यायालय में बुलाए और उनके केसों की सूचना फोन पर ही दें ताकि न्यायालय में भीड़ न हो।
सिविल लाइन थाने भी ले जाया गया था चोर
कोरोना पॉजिटिव पाए गए चोरी के आरोपी को सिविल लाइन थाना भी पुलिस लेकर गई थी। इस कारण सिविल लाइन थाना पुलिस कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा है। यहां भी कोरोना टेस्ट हुए।
वर्जन -
चोरी के आरोपी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जालान अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। औद्योगिक थाना और सिविल लाइन थाना के करीब 50 कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए लेकर पीजीआई रोहतक भेजे गए है।
- डॉ. राजेश कुमार, नोडल ऑफिसर कोविड-19 टीम
एक चोरी के आरोपी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। थाने के सभी पुलिस कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट करवाया गया है। थाने को सैनिटाइज करवाया गया है।
- इंस्पेक्टर विक्रम सिंह, एसएचओ औद्योगिक थाना
कोर्ट में पेश किए गए चोरी के आरोपी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद वीरवार को जिला बार एसोसिएशन की बैठक हुई है। जिसमें कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रस्ताव पास किए गए हैं। जिनमें मुख्य रूप से जिन वकीलों के आसपास या परिवार में कोरोना पॉजिटिव आए हैं, उन्हें कोरोना टेस्ट कराने कहा गया है। अन्य प्रस्ताव भी पास किए गए हैं।
- जोगेंद्र तंवर, प्रधान जिला बार एसोसिएशन भिवानी।