शांति नगर कॉलोनी की गली नंबर 11 वासी दुकानदार के बंद मकान का ताला तोड़ चोर एक लाख की नकदी और सात लाख के आभूषण चोरी कर ले गए। पड़ोसियों ने चोरी की सूचना दी। जिसके बाद परिवार वापस घर लौटा। सूचना पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट व डॉग स्क्वॉयड टीम भी मौके पर पहुंची और जांच कर तथ्य जुटाए।
शांति नगर कॉलोनी की गली नंबर 11 निवासी प्रवीन ने बताया कि उसकी मोबाइल एसेसिरीज और किराना की दुकान है। शनिवार दोपहर एक बजे पत्नी किरण व दो छोटे बच्चों के साथ ससुराल भूना गया था। रविवार सुबह सात बजे पड़ोसियों ने फोन पर सूचना दी कि उसके मकान के ताले टूटे हुए हैं। इस पर परिवार सहित भूना से वापस लौटा। मकान के अंदर चोरों ने सामान बिखेर रखा था। प्रवीन की पत्नी किरण ने बताया कि चोरों ने मकान के अंदर चार ताले तोड़े और फिर ड्रेसिंग टेबल के बॉक्स में रखे एक लाख रुपये की नकदी, एक सोने का सेट, तीन अंगूठी लेडिज सोने की, एक सोने की अंगूठी पुरुष, एक गले की चेन सोने की, एक पान सोने का। इसके अलावा एक चांदी की चेन, तीन जोड़ी चॉदी की पॉजेब, दो सोने के कड़े व दो जोड़ी मानों के टॉप्स सोने के चोरी कर लिए। चोर उसके घर के अंदर दो स्कूल बैग व उसके भांजे हेमंत के आधार कार्ड, पेन कार्ड व अन्य कागजात भी चोरी कर ले गए। किरण ने बताया कि चोर उनके मकान के अंदर चार ताले तोड़कर अंदर घुसे और घर का पूरा सामान खंगाल डाला। चोर करीब दस तोले सोना व चांदी के आभूषणों के साथ एक लाख की नकदी पर हाथ साफ कर गए। चोर मकान के अंदर से करीब सात लाख कीमत के सोने व चांदी के गहनों को भी ले गए। चोरी की इस वारदात की सूचना प्रवीन ने घर पहुंचने के बाद पुलिस को दी। जिसके बाद औद्योगिक पुलिस थाना की टीम ने मौके का मुआयना किया और फिर जांच के लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वॉयड टीम को भी बुलाया। पुलिस ने इस संबंध में प्रवीन की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है।
उधर, दुकान का शटर उखाड़कर घुसे तीन चोर, नकदी किया साफ
कस्बा बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव जमालपुर मैन चौक स्थित एक बंद दुकान का शटर उखड़कर चोर अंदर घुसे और 40 हजार की नकदी पर हाथ साफ कर डाला। दुकान के अंदर हुई चोरी की वारदात की सूचना पड़ोसी ने दी। जिसके बाद दुकान मालिक मौके पर पहुंचा तो तीन चोर उसे देखकर भाग खड़े हुए। मामले में बवानीखेड़ा पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव जमालपुर निवासी हन्नी ने बताया कि उसकी मैन चौक पर परचून की दुकान है। गत 26 जनवरी की रात 12 बजकर 40 मिनट पर उसके पड़ोसी प्रिंस वधवा का फोन आया कि उसकी दुकान का शटर टूटा हुआ है। इस सूचना पर वह अपनी दुकान पर पहुंचा तो अंदर एक युवक व दो व्यक्ति घुसे हुए थे। उसके आने की आहट पाकर आरोपी फरार हो गए। आरोपी उसकी दुकान के बल्ले से 40 हजार रुपये की नकदी ले गए। हन्नी ने बताया कि समय रहते उसके पड़ोसी ने उसे शटर टूटा होने की सूचना दी थी। चोर और भी सामान ले जाते, मगर उसके पहुंचने पर केवल नकदी लेकर फरार हो गए। वहीं मामले की शिकायत पर बवानीखेड़ा पुलिस ने इस संबंध में चोरी का केस दर्ज किया है।