बहल। कस्बा निवासी एक युवती ने युवक पर पिछले करीब दो वर्षों से पीछा करने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपी युवक लगातार उसका पीछा कर रहा है जिससे वह काफी परेशान है। वह उसे बार-बार गालियां देकर अभद्र व्यवहार करता है। युवती के अनुसार 11 अप्रैल को वह खेत की ओर जा रही थी तभी आरोपी युवक बाइक पर आया और उसके साथ अभद्र टिप्पणी कर चला गया। इसके कुछ समय बाद वह दोबारा वापस आया और फिर से उसे परेशान किया। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता है और उसे जबरन उठाने की कोशिश कर रहा है जिससे वह और उसका परिवार भयभीत है। बहल थाने के जांच अधिकारी संजय ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।