भिवानी। जिम में पहली बार गए युवक ने वर्कआउट से पहले प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट लिया, इसके बाद घर लौटने पर उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सराय चौपटा निवासी निखिल (27) के रूप में हुई है। परिजनों ने निखिल के दोस्त पर प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट में कुछ मिलाने का शक जाहिर किया है और पुलिस से शिकायत देकर जांच की मांग की है। पुलिस ने मृतक के पिता सत्यनारायण के बयान पर पोस्टमार्टम कार्रवाई की। पुलिस इस मामले में आगामी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर करेगी। पुलिस ने सप्लीमेंट को अपने कब्जे में ले लिया है।
मृतक के पिता सत्यनारायण ने बताया कि उसकी दो संतान थीं। बड़ा बेटा निखिल था। वीरवार शाम करीब छह बजे निखिल अपने दोस्त चिन्नू के साथ जिम में गया था। जिम में चिन्नू ने निखिल को प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट दिया। इसके बाद करीब रात साढ़े सात बजे जब वह घर पर आया तो वह कमरे में जाकर लेट गया। निखिल ने परिजनों को बताया कि उसके मन में घबराहट हो रही है व उसका उल्टी करने का मन हो रहा है। इसके बाद परिजन उसे नागरिक अस्पताल में लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने कुछ समय बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस बारे में सूचना शहर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाने के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मृतक के पिता के बयान दर्ज किए और शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस ने 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की है। पुलिस आगामी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर करेगी।
परिजन सप्लीमेंट में कुछ मिलाने का जता रहे शक
परिजन सप्लीमेंट में कुछ मिलाने का शक जता रहे हैं। मृतक के परिजनों ने बताया कि निखिल कंस्ट्रक्शन का काम करता था। इससे पहले वह कभी भी जिम में नहीं गया था। जबकि उसकी चिन्नू के साथ करीब दस माह पहले ही दोस्ती हुई थी। वीरवार शाम को निखिल अपने दोस्त चिन्नू के साथ जिम गया था। जिम में चिन्नू ने उसे प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट दिया और निखिल को बताया कि यह खाने के बाद उसे मन में मचलाहट होगी व उल्टी करने का मन करेगा। घर आने के बाद निखिल के साथ सब कुछ ज्यों का त्यों हुआ। यह बात मरने से पहले निखिल ने अपने पिता को बताई।
दस माह पहले हुई थी निखिल की शादी-
मृतक के परिजन राकेश, शुभम इत्यादि ने बताया कि निखिल तीन भाई-बहन थे। इनमें से निखिल की छोटी बहन की करीब पांच वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। जबकि दूसरे भाई को उसके चाचा ने गोद ले रखा है। निखिल की करीब दस माह पहले ही शादी हुई थी और उसकी अभी कोई संतान भी पैदा नहीं हुई है, जबकि उसके पिता लकवाग्रस्त हैं। निखिल कंस्ट्रक्शन का काम करता था और घर में आर्थिक रूप से माता-पिता का इकलौता सहारा था। लेकिन, इस घटना ने माता-पिता से उनकी आंखों का तारा के साथ-साथ एकलौता सहारा भी छीन लिया। परिजनों ने पुलिस से इस मामले में गहनता से जांच की मांग की है।
पुलिस को सराय चौपटा निवासी एक युवक की मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लिया और शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम कार्रवाई मृतक के पिता सत्यनारायण के बयान पर की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-उप निरीक्षक उमेद सिंह, शहर थाना, भिवानी।
विशेषज्ञ सलाह
जल्दी बॉडी बनाने के चक्कर में युवा बिना किसी डॉक्टर या डायटीशियन की सलाह के सप्लीमेंट या स्टेरॉयड लेना शुरू कर देते हैं। ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए। ऐसे करने से स्वास्थ्य पर भी दुष्प्रभाव पड़ सकता है। युवाओं से अपील है कि वे पौष्टिक आहार का सेवन करें और प्राकृतिक खाद्य सामग्री को ही प्राथमिकता दें।
- डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।