हरियाणा के भिवानी में दिल्ली-हिसार नेशनल हाईवे पर मुंढाल के समीप खेतों में शुक्रवार को सदर पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले। वहीं उसके पास ही उसकी बाइक और मोबाइल फोन भी पड़ा हुआ था। बाइक के नंबरों से ट्रेस कर मालिक की तलाश की तो मृतक का भाई कुरुक्षेत्र से यहां पहुंचा। जिसने मृतक की शिनाख्त अपने बड़े भाई विकास उर्फ बंटी के रूप में की। पुलिस ने चार नामजद व तीन अन्य पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
राहुल का आरोप है कि उसके भाई को ज्योति ने फोन कर कुरुक्षेत्र से बुलाया था और हांसी में उसकी पिटाई की गई। इस संबंध में सदर पुलिस ने हत्या व शव को खुर्द बुर्द करने पर केस दर्ज किया। वहीं शव का शनिवार सुबह पोस्टमार्टम भिवानी के नागरिक अस्पताल में कराया जाएगा।
सदर पुलिस को दी शिकायत में कुरुक्षेत्र निवासी 22 वर्षीय राहुल ने बताया कि उसका बड़ा भाई 25 वर्षीय विकास उर्फ बंटी 29 जून को उसकी बाइक लेकर घर से रामपुरा पिंडारा जाने की कहकर गया था। उसके भाई से फोन पर बात हुई तो उसने बताया कि दांगकलां निवासी ज्योति, उसका पति राहुल उर्फ टिंकू, राहुल के मामा का लड़का जयभगवान उर्फ कालू वासी जमावड़ी, राहुल की मां और दो तीन अन्य लोगों ने हांसी में उसको पीटा। आरोपियों ने उसका एक हाथ तोड़ दिया। वहीं उसका भाई फोन पर उसे बचाने की गुहार लगा रहा था।
इसी दौरान आरोपियों ने उसके भाई से फोन छीनकर बंद कर दिया। 30 जून को भिवानी पुलिस ने उसे सूचना दी कि दिल्ली-हिसार हाईवे पर मुंढाल के पास उसके भाई का शव पड़ा है और पास में उसकी बाइक और फोन भी है।
उसने आरोप लगाया कि उसके भाई की आरोपियों ने बेरहमी से हत्या कर दी और फिर शव को खुर्द बुर्द करने के लिए खेतों में ले जाकर फेंक दिया। मृतक के हाथों और पांव में तेजधार हथियार से हमले के भी निशान हैं।
सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम को बुलाया। मामला प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं पुलिस ने राहुल की शिकायत पर इस संबंध में महिला ज्योति, उसके पति राहुल उर्फ टिंकू, राहुल की मां व मामा का लड़का जयभगवान व तीन अन्य के खिलाफ हत्या कर शव को खुर्द बुर्द किए जाने पर केस दर्ज किया है।
मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया है। शनिवार सुबह भिवानी के नागरिक अस्पताल में शव का चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामला प्रेम प्रसंग का भी लग रहा है। मृतक की आरोपियों से जान पहचान थी।
- रमेशचंद्र, एसएचओ, सदर पुलिस थाना।