चरखी दादरी। बाजार की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए शहर की सड़कों पर सफेद पट्टी खींची जाएंगी। साथ ही नो पार्किंग जोन के बोर्ड लगाए जाएंगे और भारी वाहनों के प्रवेश के लिए लगा गए लोहे के एंगल को भी दुरुस्त किया जाएगा। मंगलवार को कोर्ट में अतिक्रमण मामले पर हुई सुनवाई में कोर्ट ने प्रशासन को यह आदेश दिए हैं। कोर्ट ने इसके लिए प्रशासन से 6 नवंबर को प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगी है। तब मामले में अगली सुनवाई होगी।
अधिकारियों ने पेश की प्रोगेस रिपोर्ट
मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान यातायात पुलिस ने अपना रखते हुए अदालत को अवगत कराया कि शहर में यातायात व्यवस्था पर नियंत्रण करने के लिए बाजारों के विभिन्न भागों में बेरिकेड व साइन बोर्ड लगवा दिए जाएंगे। यातायात पुलिस की ओर से अदालत को यह भी अवगत कराया गया कि यातायात पुलिस इस संबंध में गंभीरता से काम कर रही है। जल्द ही शहर की यातायात व्यवस्था को दुरूस्त कर दिया जाएगा। दूसरी तरफ नप ने भी अपनी प्रोगेस रिपोर्ट से अदालत को अवगत करवाया। परिषद अधिकारियों ने अदालत को बताया कि शहर के विभिन्न भागों में पार्किंग जोन बनाएं जाएंगे और बाजारों में सभी सड़कों पर सफेेद पट्टी लगवा दी जाएगी।
पुलिस करेगी मौके पर ही चालान
इस संबंध में यातायात पुलिस इंचार्ज तेजबीर सिंह ने बताया कि जो भी इन नियमों की उल्लंघन करते मिला कि उसका मौके पर ही चालान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक पुलिस चालान के रूप में नौ लाख रुपये की राशि वसूली जा चुकी है।
अदालत की अवमानना की याचिका भी करेंगे दायर
याचिकाकर्त्ताओं की ओर से बार एसोसिएशन प्रधान प्रवीन श्योराण का कहना है कि प्रशासन अदालत के आदेशों की अवेह्लना कर रहा है। प्रवीन श्योराण ने बताया कि इस बारे में जल्द ही अदालत की अवमानना संबंधी एक अपील दायर की जाएगी।