तोशाम। गांव ईशरवाल में चार साल से प्रस्तावित महाविद्यालय का भवन निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इसके लिए ग्रामीण अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। इसमें शामिल होने वाले लोगों की तादाद निरंतर बढ़ती जा रही है। विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों के नेताओं ने रविवार को भी धरनास्थल पर पहुंच कर अपना समर्थन दिया। धरने में शामिल लोगों ने नारेबाजी कर विरोध जताया।
धरने की अध्यक्षता करते हुए मुकेश कादियान ने कहा कि चार साल पहले वर्ष 2020 में रक्षाबंधन के अवसर पर बेटियों के सम्मान में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यहां कॉलेज बनाने की घोषणा की थी लेकिन चार साल बाद भी उनकी घोषणा पूरी नहीं हो सकी। इस कारण गांव के युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोग खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांग जल्द नहीं पूरी नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इसी बीच जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. अजय सिंह चौटाला ने धरनास्थल पर पहुंच कर धरनारत ग्रामीणों को समर्थन दिया। इस मौके पर बीडीसी सदस्य मुकेश, अमरजीत ईशरवाल, अमरपाल, प्रदीप बंसल, डाॅ. जयबीर बूरा, जितेंद्र कादियान, सचिन राव, सोमबीर स्यामी, युवराज, सुशील धोलिया, सज्जन दहिया आदि मौजूद रहे।