भिवानी। दिवाली की आतिशबाजी और कूड़ा जलाने की घटनाओं के बाद सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 340 एक्यूआई के साथ बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया है। दिवाली के दिन रविवार को जिले का एक्यूआई 307 दर्ज किया गया था। लेकिन आतिशबाजी और आग लगने के हादसों के बाद हवा में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब स्थिति तक आ पहुंचा। वहीं पटाखा से झुलसने के भी 17 मामले सामने आए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में लाया गया। दिवाली की रात को गांव हालुवास में एक झगड़े का भी मामला सामने आया है। इस विवाद में दो घायल अस्पताल लाए गए।
दिवाली पर रविवार को जिले भर में आग की नौ घटनाएं सामने आई। जिसमें हरियाणा आपातकालीन सेवाएं एवं दमकल विभाग के कर्मचारियों की भी खूब भागदौड़ हुई। दिवाली की रात को रोहतक रोड के राधा स्वामी सत्संग भवन के समीप कूड़े में आग की घटना पर दमकल की गाड़ी पहुंची। इसी तरह गांव जुई के समीप जुई नहर में एक गाय को रेस्क्यू करने के लिए भी दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गाय की जान बचाई। इसी तरह तोशाम में इंटरलॉक ब्लॉक तैयार करने की एक फैक्टरी की मशीन में आग लगने पर दमकल की गाड़ी पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव बलियाली में सूखी लकड़ियों में आग लगी। जिस पर भी दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
वहीं शहर के कृष्णा कॉलोनी माल गोदाम रोड स्थित एक गद्दा रजाई पिनाई की मशीन में आग की घटना पर दमकल की गाड़ी पहुंची। जहां रूई और काफी रजाई रखी होने से आग भड़क उठी, मगर समय रहते इस पर काबू पाया गया। यहां हैंडलूम के भी काफी शोरूम थे। समय रहते बड़ा हादसा टल गया।
गांव नांगल में भी सूखी लकड़ियों में आग की घटना सामने आई। जिस पर भी दमकल की गाड़ी दौड़ी। वहीं सोमवार को गांव प्रहलादगढ़ में बाजरा की पुलियों में आग की घटना हुई। जिस पर दमकल ने मौके पर पहुंचकर काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी तरह रेलवे जंक्शन के समीप एक खाली प्लॉट के अंदर कूड़े के ढेर में आग लग गई। इसे बुझाने में भी दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पटाखा चलाने के दौरान झुलसे मरीजों को मिला आपात विभाग में उपचार
दिवाली की रात को पटाखा चलाने के दौरान झुलसने से 17 घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में लाया गया। अलग-अलग इलाकों से पहुंचे ये घायल पटाखा चलाने के दौरान आंशिक रूप से झुलस गए थे। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वापस घर भेजा गया। हालांकि बर्न वार्ड में तीन बेड की सुविधा भी मुहैया कराई गई थी। मगर गंभीर रूप से झुलसने का कोई मामला सामने नहीं आया।
हालुवास में पूजा के दौरान हुआ हमला
गांव हालुवास में दिवाली की रात लक्ष्मी पूजा कर रहे एक परिवार पर 15 से 20 युवकों द्वारा घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हुए, जिन्हें डायल 112 की टीम ने अस्पताल में भर्ती कराया। हालुवास निवासी मुरारी शर्मा ने सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 नवंबर की रात जब वे अपने परिवार के साथ घर में पूजन कर रहे थे, तभी 15 से 20 युवक अचानक घर में घुस आए। हमलावरों में से दो युवकों ने मुरारी के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया। वहीं चाचा के लड़के नवीन कुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मुरारी की माता संतोष और चाची अनिता देवी को 4-5 युवकों ने घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। आरोप है कि हमलावरों ने सोने की चेन भी छीन ली और बच्चों को जान से मारने की धमकियां दीं। मुरारी के अनुसार यह विवाद करीब आठ माह पहले शुरू हुआ था, जिसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई थी। हालांकि पंचायत में समझौता हो गया था । इसके बावजूद आरोपी लगातार परिवार को प्रताड़ित कर रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। फिलहाल सदर पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज इसकी तहकीकात शुरू कर दी है।
वर्जन::::
दिवाली पर जिला नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में स्थापित बर्न वार्ड में करीब 17 लोगों को पटाखा की वजह से आंशिक रूप से झुलसने पर लाया गया था। दिवाली पर कोई भी बड़ी घटना नहीं हुई और यह सभी के लिए सुखद रहा। आपात विभाग में पहले ही पर्याप्त व्यवस्थाएं कराई गई थी।
-डॉ. बलवान सिंह प्रधान चिकित्सा अधिकारी जिला नागरिक अस्पताल भिवानी।
वर्जन::::
दिवाली पर दमकल विभाग को पूरी तरह हाई अलर्ट पर रखा गया था। दिवाली पर जिले भर से आग की 9 कॉल दर्ज की गई थी। इन सभी जगहों पर दमकल कर्मचारी पहुंचे और तत्काल प्रभाव से आग की घटनाओं पर काबू पाया गया। किसी भी जगह पर आग से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
-रमन कुमार जिला दमकल अधिकारी भिवानी।