भिवानी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने शून्य बिजली बिल की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। जिले में अब तक 4690 घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लग चुके हैं और इन घरों में सूर्य की ऊर्जा से बिजली पैदा हो रही है।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में 31 मार्च 2027 तक 9801 घरों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है। इसके लिए हजारों आवेदन आ चुके हैं। योजना के तहत छत पर सौर ऊर्जा पैनल लगाने वाले उपभोक्ताओं को हर माह 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाती है।
एक किलोवाट क्षमता वाली प्रणाली के लिए 30 हजार से 60 हजार रुपये, दो किलोवाट की प्रणाली के लिए 60 हजार से 78 हजार रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाली प्रणाली के लिए 78 हजार रुपये की सब्सिडी मिल रही है। भिवानी सर्कल में भिवानी और चरखी दादरी जिले शामिल हैं। भिवानी में 4690 घरेलू उपभोक्ता सोलर सिस्टम अपना चुके हैं जबकि चरखी दादरी में 1212 घरेलू उपभोक्ताओं ने सौर ऊर्जा सिस्टम अपनाया है।
सौर ऊर्जा सिस्टम के संचालन की बेहतर समझ विकसित करने के लिए निगम की 17 सब डिविजनों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एसडीओ और कनिष्ठ अभियंता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करेंगे। निगम का यह कदम अत्यधिक खपत के कारण ओवरलोड चल रहे पावर सब स्टेशनों का भार नियंत्रित करने में भी कारगर होगा।
चांग को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में एक घटक मॉडल सौर गांव चुना गया है। इसका उद्देश्य देश के प्रत्येक जिले में एक आदर्श सौर गांव बनाना है। योजना के तहत वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर पांच हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में सबसे अधिक सोलर पैनल लगवाने वाले गांव को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
इस योजना के लिए गांव चांग का चयन किया गया है। यहां सबसे अधिक सौर ऊर्जा संचालित बिजली उपभोक्ता हैं। इस दौड़ में बड़सी, बापोड़ा, कलिंगा, चांग, खरक कलां, देवसर, बलियाली, बड़वा, दिनोद, धनाना समेत 47 गांव शामिल थे। इनमें चांग का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा।
अंत्योदय परिवारों को सोलर पैनल पर अनुदान
ऊर्जा विभाग की ओर से सालाना 1.80 लाख रुपये से कम आय और 2400 यूनिट तक बिजली खपत वाले अंत्योदय परिवारों को दो किलोवाट तक का सोलर पैनल लगवाने पर केंद्र सरकार से 60 हजार और हरियाणा सरकार से 50 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। ऐसे परिवारों को कुल 1.10 लाख रुपये की सहायता मिल रही है।
जिन परिवारों की सालाना आय तीन लाख रुपये तक और सालाना बिजली खपत 2400 यूनिट तक है उन्हें केंद्र से 60 हजार और राज्य सरकार से 20 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। तीन किलोवाट तक के सोलर पैनल पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये का अनुदान मिल रहा है।
गांव चांग 20 हजार से अधिक आबादी का बड़ा गांव है। पांच हजार से अधिक आबादी वाले गांवों को योजना में शामिल किया गया है लेकिन चांग में सबसे अधिक सौर ऊर्जा संचालित उपकरण लगने के कारण इसे सौर मॉडल गांव चुना गया है। एक करोड़ रुपये दिए जाने के संबंध में उपायुक्त ने ग्राम पंचायत को अवगत कराया है। यह राशि गांव के विकास पर खर्च होगी। ग्रामीण सौर ऊर्जा के प्रति पहले से जागरूक हैं और गांव में सोलर सिस्टम लगवाने के लिए कैंप भी लगाया गया है। -प्रदीप रंगा, सरपंच प्रतिनिधि, गांव चांग
बिजली निगम सर्कल की प्रत्येक सब डिविजन में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों तक इसे पहुंचाकर शून्य बिजली बिल की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। एसडीओ और जेई को गांव-गांव और घर-घर जाकर जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है। चांग में सबसे अधिक सौर ऊर्जा उपभोक्ता हैं और इसे सौर मॉडल गांव घोषित किया गया है। अन्य गांवों में भी ऐसे प्रयास किए जाएंगे। -जितेंद्र ढूल, अधीक्षक अभियंता, भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम