फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: आसमान से फिर बरसी किसानों की मेहनत पर आफत की बारिश, भीगा लाखों क्विंटल अनाज

Wed, 24 Apr 2024 02:45 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। लगातार बिगड़ रहे मौसम ने किसानों के साथ-साथ फसल खरीद का शेड्यूल भी बिगाड़ दिया है। मंगलवार शाम को फिर से आसमान से आफत बरस पड़ी। करीब पांच एमएम बारिश में भिवानी की अनाज मंडी में पड़ा गेहूं भीग गया। वहीं चारामंडी में खुले आसमान के नीचे पड़ी करीब ढाई लाख क्विंटल सरसों भी भीगी। हालांकि दिन में अधिकारियों ने गेहूं और सरसों की सरकारी खरीद भी कराई।
विज्ञापन

खरीद हुई फसल कट्टों में भरी जाती, इससे पहले ही उस पर बारिश की मार पड़ी। इसकी वजह से मंडियों से शाम को गेहूं और सरसों का उठान भी प्रभावित हुआ। वहीं खरीद भी बंद हो गई। अब तक भिवानी जिले में करीब 25 लाख क्विंटल सरसों की आवक हो चुकी है। वहीं उठान धीमा चल रहा है। इसी तरह जिले भर में करीब ढाई लाख क्विंटल गेहूं भी मंडियों में पहुंचा है। इसमें करीब 30 फीसदी का ही उठान हुआ है। मंगलवार को भिवानी मंडी में 223 किसान 15,065 क्विंटल गेहूं की आवक के साथ पहुंचे। इसी तरह 971 किसानों ने 18,172 क्विंटल सरसों के गेट पास कटवाए। बारिश होने से पहले तक 1138 किसानों की 19,341 क्विंटल सरसों की सरकारी खरीद कराई गई। जबकि चारा मंडी से मंगलवार को करीब दस हजार क्विंटल सरसों का उठान हुआ।
वहीं भिवानी की अनाज मंडी में मंगलवार शाम तक 426 किसानों की करीब 25 हजार क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद हो पाई। भिवानी की अनाज मंडी में अब तक करीब सवा लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। गेहूं की आवक तेज होने के साथ ही मंडी में जगह का टोटा भी बनने लगा है। इसी को लेकर जेसीबी से गेहूं की ऊंची ढेरियां लगाई जा रही हैं।
विज्ञापन


दिन में अधिकारियों ने किया मंडियों का निरीक्षण, शाम को फिर भीग गई मंडी में किसानों की फसल
मंडियों में बारिश ने फसल खरीद व्यवस्था की पोल भी खोल दी। बारिश के दौरान मंडियों में खुले में पड़ा गेहूं और सरसों भीग गई, जिसे बचाने के लिए हैंडलिंग एजेंटों के पास कोई व्यवस्था तक नहीं दिखी और न ही भीग रही फसल को बचाने के लिए किसी ने कोई प्रयास या प्रबंध किए। भीग चुकी सरसों और गेहूं में नमी बढ़ गई। अब इसे गोदामों तक पहुंचाने से पहले सुखाने में भी समय लगेगा। जब तक उठान नहीं होगा तब तक किसानों को भुगतान भी नहीं होगा। खरीद अधिकारियों व हेंडलिंग एजेंटों की लापरवाही का खामियाजा आखिर किसानों को ही भुगतना पड़ा।
भिवानी मंडी में मंगलवार को करीब 25 हजार क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद कराई गई है। खरीद के बाद तेजी से भराई और उठान भी कराया जा रहा है। अब तक भिवानी मंडी से करीब 40 हजार क्विंटल गेहूं का उठान कराया जा चुका है।
विज्ञापन

-खाद्य निरीक्षक उमेद सिंह, इंचार्ज, खरीद एजेंसी भिवानी मंडी।
चारामंडी में मंगलवार को 19 हजार क्विंटल से अधिक सरसों की सरकारी खरीद कराई है। इसी के साथ हैफेड ने करीब दस हजार क्विंटल सरसों का भी उठान करा दिया है।
-मोहन, ऑक्शन रिकॉर्डर चारा मंडी भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें