फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: बढ़ेगा शहर का दायरा, फोरलेन की मिलेगी सौगात, गांव से शहर तक दौड़ेगी विकास की गाड़ी

Mon, 01 Jan 2024 01:31 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। नए साल में नई उम्मीदें और विकास की किरणें पूरे जिले में नया जोश और नया उजाला लेकर आएंगी। जिले की कई बड़ी परियोजनाओं पूरी होंगी। शहर का दायरा बढ़ेगा। कॉलोनियां भी नियमित होंगी। इससे विकास की किरणें उन गलियों तक पहुंचेंगी जो अब तक ओझल थीं। भिवानी जिले में नव वर्ष 2024 में भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग फोरलेन किए जाने, 25 अनधिकृत कॉलोनियां अधिकृत होने और मेडिकल कॉलेज के शुरू होने के साथ साथ मॉर्डन रेलवे स्टेशन और लघु सचिवालय का नया खंड भी शुरू होने की उम्मीद है। फिलहाल इन परियोजनाओं पर कार्य अंतिम चरण में है। इसी के साथ शहर के चारों तरफ बाईपास के रिंग रोड का काम भी नए साल में पूरा होने की उम्मीद है। सफाई का मसौदा सिरे चढ़ेगा और शहर के सुंदरीकरण का सपना भी नए साल में साकार होगा।
विज्ञापन



30 करोड़ से 17 किमी भिवानी-महम मार्ग होगा चकाचक
नए साल में भिवानी से महम मार्ग 17 किमी दायरे में चकाचक होगा। इस पर 30 करोड़ का खर्च आएगा। गांव चांग बस स्टैंड और भगवान परशुराम चौक से गोशाला तक आरसीसी पैटर्न पर नई सड़क बनेगी। इसके बजट की मंजूरी और काम की शुरुआत नए साल में होगी।

38 साल बाद चकाचक होगी भिवानी की सब्जी मंडी
भिवानी की रोहतक रोड स्थित सब्जी मंडी करीब दो करोड़ के बजट से 38 साल बाद चकाचक होगी। इस पर नए साल में मंडी के जीर्णोंद्धार का काम शुरू होगा। इसमें प्लेटफार्म, मंडी के अंदरुनी सड़क तैयार की जाएगी और बरसाती पानी की निकासी का भी प्रबंध होगा। ये कार्य इसी साल मंजूर होगा और इस पर काम भी शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन



58 साल बाद नए सिरे से डाली जाएगी अनाज मंडी में सीवरलाइन
जिला मुख्यालय की अनाज मंंडी में 58 साल बाद नए सिरे से सीवरेज लाइन डाली जाएगी। जिसके लिए हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड ने कंस्ट्रक्शन एजेंसी को काम अलाॅट कर दिया है। कंस्ट्रक्शन एजेंसी अनाज मंडी की स्थापना के समय डाली गई पुरानी सीवर लाइन को ध्वस्त कर करीब सवा तीन करोड़ के बजट से उसकी जगह छह माह के दौरान 1200 मीटर दायरे में नई सीवर लाइन डालेगी। जिससे सीवरेज के पानी के साथ ही बारिश के पानी की भी डिस्पोजल तक निकासी हो पाएगी।

पांच करोड़ से होगा भिवानी का रेलवे स्टेशन माॅडर्न
भिवानी में रेलवे स्टेशन को माॅडर्न स्टेशन बनाने का काम चल रहा है। करीब पांच करोड़ के बजट से इसी साल माॅडर्न स्टेशन का काम पूरा होगा। यहां नए प्लेटफार्म बनेंगे वहीं भव्य प्रवेश द्वार भी तैयार होगा। इसका काम तेजी से चल रहा है। इसी साल इस कार्य के पूरा होने की उम्मीद है।

मार्च तक शुरू होगा मेडिकल कॉलेज, लगेंगी कक्षाएं
जिला वासियों को वर्ष 2024 से स्वास्थ्य के क्षेत्र में और बेहतर सुविधाएं मिलने लगेंगी। भिवानी में 535 करोड़ की लागत से 720 बेड के मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। मेडिकल कॉलेज निर्माण 10 जुलाई 2021 को शुरू हुआ था। विद्यार्थियों को गृह जिले में मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने का मौका मिलेगा। निदेशालय की ओर से मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण का कार्य ब्रिज एंड रूफ कंसट्रक्शन कंपनी को दिया है। पुनर्वास केंद्र में रेजिडेंट क्वार्टर भी बनकर तैयार हो गए हैं। अस्पताल के पिछले हिस्से में भी चिकित्सकों और स्टाफ के लिए क्वार्टर बनाए जा चुके हैं। वहीं, हांसी रोड पर स्थित वीटा प्लांट के कक्षाएं लगेंगी। जहां पर इमारतों का निर्माण कार्य जारी है।

पांच मॉडल संस्कृति स्कूलों की मिलेगी सौगात
जिले में पांच नए मॉडल संस्कृति स्कूलों की भी नए सत्र से सौगात मिलेगी। जिनमें सीबीएसई पैटर्न पर बच्चों की पहली से बारहवीं तक पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। भिवानी में भगत सिंह चौक के नवनिर्मित कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहड़ भवन को मॉडल संस्कृति का दर्जा मिला है। नए साल में यहां कक्षाओं का संचालन शुरू होगा।

भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग होगा फोरलेन
एनएच 48-बी अथॉरिटी ने भिवानी के तिगड़ाना मोड़ से हांसी तक के मार्ग को फोरलेन निर्माण की तैयारी कर ली है। आने वाले साल में यहां सड़क को चौड़ीकरण का काम शुरू होगा। जिसके लिए हरे पेड़ों की कटाई की एनओसी भी मिल चुकी है। अब अथॉरिटी कार्य के टेंडर कराने की प्रक्रिया में जुटी है।

2.30 करोड़ से नौ गांवों की फिरनी बनेगी
जिले के नौ गांवों की 2.30 करोड़ के बजट से कच्ची फिरनी को पक्का किया जाएगा। इनमें इंटरलॉकिंग ब्लॉक्स लगाए जाएंगे। इसके अलावा 25 से अधिक गांवों में फिरनी पर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। जिनका काम नए साल में पूरा हो जाएगा।

खनन कार्य शुरू होने की उम्मीद
जिले में तीन माह से खनन कार्य बंद है। खानक और निगाना पहाड़ में खनन शुरू होने की उम्ममीद है। जबकि डाडम का पहाड़ दो साल पहले हुए हादसे के बाद से ही बंद पड़ा है। नए साल में खनन शुरू होने से भवन निर्माण सामग्री सस्ती होने की उम्मीद है।

शहर का रिंग रोड होगा तैयार, पुल निर्माण होंगे पूरे
शहर में बाईपास को शहर के चारों तरफ रिंग रोड के दायरे लाने का सपना भी नए साल में पूरा होने की उम्मीद है। निनान से लोहारू और दादरी रोड तक बाईपास चालू हो चुका है। जबकि इसे महम और जींद मार्ग से जोड़ने की तैयारी है। इसी तरह दिनोद रोड, भिवानी-महम मार्ग पर कालुवास रेलवे ओवरब्रिज का काम पूरा होगा।

पौने दो करोड़ से किरोड़ीमल पार्क का होगा जीर्णोंद्धार
भिवानी के ऐतिहासिक सेठ किरोड़ीमल पार्क का करीब पौने दो करोड़ के बजट से जीर्णोंद्धार का काम भी पूरा होगा। जिसमें चाहरदीवारी और प्लेटफार्म तैयार होगा और हरियाली बढ़ाने के साथ भ्रमण के लिए पगडंडी बनेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें