भिवानी। पिछले काफी अर्से से नगर परिषद हाउस की बैठक नहीं बुलाई गई है, ऐसे में शहर के नए विकास कार्यों को लेकर पार्षद अपने नए प्रस्ताव तैयार करने में जुटे हैं। हालांकि अविश्वास प्रस्ताव के बाद नगर परिषद में उपाध्यक्ष के चुनाव पर भी होना है। वहीं नगर परिषद हाउस की बैठक का दिसंबर के दूसरे सप्ताह में शेड्यूल तय होगा। इसी बैठक में उपाध्यक्ष चुनाव पर भी पार्षदाें की मुहर लगने की उम्मीद है।
नगर परिषद हाउस की बैठक को करीब चार माह हो चुके हैं। ऐसे में शहर के विकास कार्यों को लेकर पार्षदों की हाउस की बैठक में चर्चा और उन पर प्रस्ताव मंजूरी का काम भी नहीं हो पाया है। हालांकि करीब सौ करोड़ से अधिक के मसौदों पर नगर परिषद पहले ही प्रस्ताव मंजूर कर चुकी है। अब भी वार्डों के अंदर पार्षदों के काफी काम बकाया पड़े हैं, जिन्हें हाउस की बैठक में रखा जाएगा।
विधानसभा चुनाव से पहले ही नगर परिषद में उपाध्यक्ष को लेकर अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। जिसके बाद सतेंद्र मोर को पद छोड़ना पड़ा था। अब नगर परिषद में नए उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू की जानी है। ऐसे में पार्षदों की तरफ से जिला प्रशासन के समक्ष हाउस की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है।
इसके बाद दिसंबर के दूसरे सप्ताह में बैठक होने की संभावना है। हालांकि दिसंबर तक नगर परिषद को नया उपाध्यक्ष मिलने की भी उम्मीद है। जिसके लिए दो से तीन पार्षदों के नामों पर भी चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। फिलहाल पार्षदों ने उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
पेमेंट अप्रूवल कमेटी सदस्यों को पहले ही निरस्त कर चुकी सरकार
नगर परिषद में पेमेंट अप्रूवल कमेटी सदस्यों को हरियाणा सरकार पहले ही निरस्त कर चुकी है। इसमें एक पार्षद को अप्रूवल कमेटी का सदस्य चुना गया था। ये सदस्य नगर परिषद में होने वाले विकास कार्यों में भी अपनी अहम भागेदारी निभाता, इससे पहले ही सरकार ने अपने हाथ पीछे खिंच लिए और इन सदस्यों के पद को ही समाप्त कर दिया। अब नगर परिषद में चेयरपर्सन के अलावा 31 वार्डों से केवल पार्षद ही काम कर रहे हैं। जबकि उपाध्यक्ष का पद भी करीब तीन माह से खाली पड़ा है।
जिला प्रशासन से हाउस की बैठक बुलाने का अनुरोध किया गया है। संभावना है कि दिसंबर के दूसरे सप्ताह के अंत तक ये बैठक बुलाई जा सकती है। बैठक में ही उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर भी पार्षदों के बीच चर्चा होगी। इसके अलावा शहर के विकास को लेकर भी पार्षदों से नए कार्यों के प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे।
- भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।