भिवानी। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। आरोपी पिता को पहले ही गिरफ्तार कर उससे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं अब पुलिस मृतका के ताऊ समेत परिवार के दो अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। चिकित्सकों के बोर्ड से कराए गए पोस्टमार्टम के आधार पर पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में बच्ची की मां ने बताया कि उसकी शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और उनकी तीन बेटियां थीं। पारिवारिक विवाद के चलते वह अपनी तीनों बेटियों को लेकर पति से अलग रह रही थी। करीब दो वर्ष पहले उसका पति बड़ी बेटी जो उस समय करीब चार वर्ष की थी, को अपने साथ घर ले गया था।
महिला ने शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से उसे आशंका हुई थी कि उसका पति बच्ची के साथ गलत हरकत कर रहा है। आरोप है कि बच्ची को किसी से कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। महिला का कहना है कि वह अपनी बेटी को बचाने के लिए कोई कदम उठा पाती उससे पहले ही बच्ची की मौत हो गई। पुलिस मामले में सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
पीड़िता दो बेटियों के साथ लड़ रही गुनाहगार को सजा दिलाने की लड़ाई : पीड़ित महिला अपनी छह वर्षीय मासूम बेटी को खोने के बाद अब अपनी दो अन्य बेटियों की परवरिश कर रही है। दोनों बच्चियां दो से चार वर्ष की आयु के बीच हैं। बड़ी बेटी की मौत के बाद अब पीड़िता आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही है।