भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जनवरी में आयोजित सीनियर सेकेंडरी विशेष अंक सुधार परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक परीक्षा का परिणाम 99.96 प्रतिशत तथा सीनियर सेकेंडरी मुक्त विद्यालय परीक्षा का परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
परीक्षार्थी अपना परिणाम अनुक्रमांक व रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in
पर देख सकते हैं। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि विशेष अंक सुधार परीक्षा में कुल 2,685 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे। ये परीक्षाएं छह परीक्षा केंद्रों पर 21 से 31 जनवरी तक आयोजित करवाई गई थीं। उन्होंने बताया कि सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक विशेष अंक सुधार परीक्षा में प्रविष्ट 2573 परीक्षार्थियों में से 2,572 परीक्षार्थियों ने अंक सुधार किया जिससे पास प्रतिशतता 99.96 प्रतिशत रही। वहीं सीनियर सेकेंडरी मुक्त विद्यालय विशेष अंक सुधार परीक्षा में 64 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे और सभी परीक्षार्थियों ने अपने अंक सुधार लिए जिससे परिणाम शत-प्रतिशत रहा।