गांव रेवाड़ीखेड़ा में आयोजित समारोह में गांव के सबसे बुजुर्गों व गांव की सबसे ज्यादा पढी लिखी ल
भिवानी। गांव रिवाड़ीखेड़ा के सामुदायिक केंद्र में सम्मान एक प्रयास समिति की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर वैश्य महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गोयल मुख्य अतिथि थे। वहीं समारोह में बाबा नानक नाथ रिवाड़ीखेड़ा एवं ऋषिपाल प्रधान धामाण खाप 12 विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए।
सम्मान समारोह का शुभारंभ गांव रिवाड़ीखेड़ा से सौ साल से अधिक बुजुर्ग महिला रामदेवी एवं सबसे बुजुर्ग जयनारायण सिंह नंबरदार के अलावा गांव की सबसे ज्यादा शिक्षित बेटी सोनिया को सम्मानित किया गया। इस मौके पर हेल्थ चेकअप का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. गोयल ने कहा कि समिति बहुत अच्छा कार्य कर रही है। इस तरह के शिविर आयोजन की आज हर गांव में जरूरत है।
उन्होंने युवाओं को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि बाबा नानक नाथ ने कहा कि ऐसे शिविर समय समय पर आयोजित होने चाहिए ताकि स्वास्थ्य सेवाएं जन जन तक पहुंच सकें। विशिष्ट अतिथि ऋषिपाल ने कहा कि बुजुर्गाें का सम्मान करना हमारी संस्कृति और विरासत की नींव को मजबूत करने की परंपरा है।
सम्मान एक प्रयास समिति के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करने का हमारा उद्देश्य आयु में वरिष्ठ महिला एवं पुरुष को सम्मानित कर युवा पीढ़ी को संस्कृति और संस्कारों से रूबरू कराना है। इस मौके पर सम्मान एक प्रयास समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार, महासचिव डॉ. नवनीत ढाड़ा, उपाध्यक्ष अनिल परमार, सयुंक्त सचिव प्रोफेसर अजीत कुमार एवं कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार, गांव की सरपंच प्रिया, पूर्व सरपंच जयभगवान, पूर्व सरपंच नरेश, पूर्व सरपंच जिलेसिंह मौजूद रहे।